ईद पर्व को लेकर पुलिस अलर्ट, शाहपुर और बुढाना ईदगाहों का निरीक्षण

मुजफ्फरनगर। आगामी ईद पर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक ने थाना क्षेत्र शाहपुर और बुढाना स्थित ईदगाहों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ ईदगाह परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

इस दौरान धर्मगुरुओं, स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों और नागरिकों के साथ संवाद स्थापित करते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने सभी से आगामी ईद पर्व को शासन द्वारा जारी गाइडलाइंस के अनुरूप आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दिया जाए।

पुलिस प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए कि नमाज केवल निर्धारित स्थलों पर ही अदा की जाए। साथ ही प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पूर्णतः वर्जित रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि कुर्बानी के अवशेषों को सार्वजनिक स्थानों पर न फेंका जाए तथा उनका उचित निस्तारण किया जाए ताकि स्वच्छता और सामाजिक सौहार्द बना रहे। अधिकारियों ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी सूचना की पुष्टि पुलिस या प्रशासन से अवश्य कर लें और किसी भी अफवाह को आगे साझा न करें।

निरीक्षण के दौरान ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने पर जोर दिया गया। साथ ही त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों, असामाजिक गतिविधियों और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मुजफ्फरनगर पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि सभी लोग प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ ईद पर्व मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस या डायल-112 पर दें तथा सोशल मीडिया पर ऐसी कोई पोस्ट साझा न करें जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हों।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts