आज से नवरात्रि का पावन पर्व शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस खास मौके पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। नवरात्रि पर पीएम मोदी ने स्वदेशी का मंत्र देते हुए पूरे देश को मेड इन इंडिया (भारत में निर्मित) पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी है।नवरात्रि के अवसर पर नई जीएसटी दरें भी लागू की गई हैं, जिससे कई रोजमर्रा की वस्तुएं सस्ती हो गई हैं। पीएम मोदी ने इसे जीएसटी बचत महोत्सव का नाम दिया है।
पीएम मोदी ने नवरात्रि की बधाई दी
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट शेयर करते हुए पीएम मोदी ने लिखा, “आप सभी को नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएँ। साहस, धैर्य और भक्ति से भरा यह पावन पर्व सभी के जीवन में नई शक्ति और नया विश्वास लेकर आए। जय माता दी!”
पीएम मोदी ने एक अन्य पोस्ट में लिखा-
नवरात्रि में आज माँ शैलपुत्री की विशेष पूजा का दिन है। मेरी कामना है कि माँ के प्रेम और आशीर्वाद से सभी का जीवन सौभाग्य और स्वास्थ्य से परिपूर्ण हो।
स्वदेशी का मंत्र
जीएसटी और स्वदेशी का ज़िक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “इस बार नवरात्रि का यह पावन अवसर बेहद ख़ास है। जीएसटी बचत उत्सव के साथ-साथ स्वदेशी के मंत्र को भी इस दौरान नई ऊर्जा मिलने वाली है। आइए, एक विकसित और आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने के लिए एकजुट हों।”
भजन शेयर करें
इसके साथ ही पीएम मोदी ने पंडित जसराज जी का एक भजन भी शेयर किया है। पीएम मोदी ने देशवासियों से अपने पसंदीदा भजन भेजने का अनुरोध भी किया है। पीएम मोदी ने कहा, “अगर आपने कोई भजन गाया है या आपका कोई पसंदीदा भजन है, तो कृपया मुझे भेजें। मैं आने वाले दिनों में उनमें से कुछ चुनिंदा भजन शेयर करूँगा।”
























































