सहारनपुर। नगर निगम प्रवर्तन दल द्वारा एक दुकानदार से मारपीट की घटना ने पूरे शहर के व्यापारियों को आक्रोशित कर दिया। शुक्रवार को सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के आह्वान पर कोर्ट रोड के सभी व्यापारियों ने बाजार पूरी तरह बंद रखकर विरोध प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने नगर निगम की तानाशाही कार्यप्रणाली की कड़ी निंदा की और दोषियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की।
व्यापारियों का आरोप है कि पॉलिथीन चेकिंग के नाम पर निगम के कर्मचारी दुकानों में जबरन घुसे और न सिर्फ बदसलूकी की बल्कि एक दुकानदार से मारपीट भी की। इससे व्यापारी वर्ग में भारी रोष फैल गया। व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष विवेक मनोचा, वरिष्ठ महामंत्री सुरेंद्र मोहन सिंह चावला, महामंत्री पुनीत चौहान, कोषाध्यक्ष सुधीर मिगलानी समेत अन्य पदाधिकारियों ने धरना स्थल पर निगम की कार्रवाई को अमानवीय करार दिया।
धरने में भाजपा पार्षद दल के नेता संजय गर्ग ने भी निगम कर्मियों की कार्रवाई को गलत बताते हुए व्यापारियों के समर्थन में खुलकर बयान दिया। मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट गजेन्द्र कुमार और निगम प्रवर्तन प्रभारी सुधीर शर्मा ने व्यापारियों को निष्पक्ष जांच और कार्यवाही का भरोसा दिलाया।
धरने में यशपाल गैनी, अशोक छाबड़ा, आर.के. मल्होत्रा, राजीव मदान, दीपक खेड़ा, अनुभव शर्मा, कुबेर नरूला, नीरज जैन, सूरज ठक्कर, संजय भसीन, फरजान उल हक, अशोक नारंग, राकेश नारंग समेत सैकड़ों व्यापारी उपस्थित रहे। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि उत्पीड़न की घटनाएं नहीं रोकी गईं तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।















