मुजफ्फरनगर। पुलिसिंग को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और ऑनलाइन प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से पुलिस लाइन स्थित सभागार में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में ऑनलाइन शिकायत पोर्टल और साइबर पोर्टल के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कर्मचारियों को पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई करने के निर्देश दिए।प्रशिक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों ने ऑनलाइन माध्यम से मिलने वाली शिकायतों को दर्ज करने, उनकी निगरानी करने तथा निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कर्मचारियों को साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों पर विशेष सतर्कता बरतने और पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक तकनीकी जानकारी भी दी गई।
अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध और ऑनलाइन शिकायतों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में पुलिसकर्मियों का तकनीकी रूप से दक्ष होना बेहद जरूरी है। किसी भी शिकायत को लंबित न रखने तथा प्रत्येक मामले में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने प्रशिक्षण में मौजूद सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि ऑनलाइन प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेकर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि तकनीक का बेहतर इस्तेमाल पुलिसिंग को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाने में सहायक होगा। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों ने पोर्टल से संबंधित विभिन्न तकनीकी जानकारियां हासिल कीं।























































