मुजफ्फरनगर में आईटीआई प्रवेश 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, 4 अगस्त तक करें आवेदन

मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर के राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रशिक्षण सत्र 2026-27 के प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रधानाचार्य, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान मुजफ्फरनगर ने जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी राजकीय तथा निजी आईटीआई में संचालित विभिन्न ट्रेडों के साथ-साथ टाटा टेक्नोलॉजीज के सहयोग से राजकीय संस्थानों में संचालित 10 दीर्घकालीन व्यवसायों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.scvtup.in पर जाकर “Online Submission of Application for Admission for Session 2026-27 for Government/Private ITI” लिंक पर क्लिक करना होगा। आवेदन प्रक्रिया शुरू करने से पहले अभ्यर्थियों को ओटीपी के माध्यम से अपने मोबाइल नंबर का सत्यापन कराना अनिवार्य होगा। इसके बाद निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र भरना होगा। आवेदन पत्र भरने के पश्चात ‘Preview’ पेज पर उपलब्ध ‘Proceed for Payment’ विकल्प पर क्लिक कर आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करना होगा। भुगतान की सुविधा इंटरनेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड तथा यूपीआई के माध्यम से उपलब्ध रहेगी। इसके लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के पेमेंट गेटवे का उपयोग किया जा सकेगा। शुल्क का सफल भुगतान होने के बाद अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र का प्रिंट आउट प्राप्त कर सकेंगे। प्रधानाचार्य ने बताया कि यदि आवेदन पत्र भरते समय किसी प्रकार की त्रुटि हो जाती है तो अभ्यर्थियों को उसमें संशोधन करने के लिए आवेदन जमा होने के बाद 48 घंटे अर्थात दो दिन का समय दिया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश एवं विवरणिका ई-फॉर्म के रूप में वेबसाइट पर उपलब्ध है, जिसे अभ्यर्थी अपनी आवश्यकता के अनुसार डाउनलोड या प्रिंट कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 11 जुलाई 2026 से प्रारंभ हो चुकी है और 4 अगस्त 2026 की रात्रि 12 बजे तक जारी रहेगी। निर्धारित तिथि के बाद किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे में सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन करने तथा आवेदन भरने से पूर्व वेबसाइट पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की अपील की गई है, ताकि प्रवेश प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts