बच्चे की एक जिद और पूरी फ्लाइट कैंसिल,

फ्लाइट कैंसिल होना कोई नई बात नहीं है. अक्सर खराब मौसम या तकनीकी खराबी के चलते फ्लाइट कैंसिल हो जाती हैं, लेकिन क्या आपने सुना है कि किसी बच्चे की जिद की वजह से कोई फ्लाइट कैंसिल हुई हो. जिद भी ऐसी जो बच्चे की सुरक्षा से जुड़ी हो. सुनने में अजीब लग रहा होगा लेकिन ऐसा हुआ है. कनाडा में एक छोटे बच्चे की जिद की वजह से पूरी फ्लाइट को कैंसिल करना पड़ा. चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला.दरअसल कनाडा में एक छोटे बच्चे के सीट बेल्ट नहीं लगाने की वजह से पोर्टर एयरलाइंस की फ्लाइट कैंसिल करनी पड़ी. मामला ब्रिटिश कोलंबिया के विक्टोरिया इंटरनेशनल एयरपोर्ट का है. फ्लाइट विक्टोरिया से टोरंटो के लिए रवाना होने वाली थी, लेकिन टेक ऑफ से ठीक पहले बच्चे ने सीट बेल्ट लगाने से इनकार कर दिया. समझाने के बावजूद भी बच्चा अपनी जिद पर अड़ा रहा. जिसके बाद फ्लाइट को कैंसिल कर दिया गया और उसे वापस टर्मिनल लौटना पड़ा.

यात्रियों को हुई परेशानी

इस घटना के चलते फ्लाइट में सवार यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा, उन्हें पूरी रात विक्टोरिया में ही रुकना पड़ा. इसके बाद उड़ान को रद्द करना पड़ा और यात्रियों को अगले दिन की फ्लाइट में भेजा गया.

क्या है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, पोर्टर एयरलाइंस की फ्लाइट PD444 को गुरुवार (6 अगस्त) की रात ब्रिटिश कोलंबिया के विक्टोरिया से टोरंटो के लिए रवाना होनी थी. एयरलाइन के मुताबिक, फ्लाइट टर्मिनल से निकल चुका था और रनवे की तरफ बढ़ रहा था. इसी दौरान चालक दल की नजर एक बच्चे पर पड़ी जो अपनी सीट पर खड़ा था और सीट बेल्ट लगाने के लिए तैयार नहीं था.

बच्चा अपनी जिद पर अड़ा रहा

बच्चे के माता-पिता और विमान के चालक दल ने उसे सीट पर सुरक्षित बैठाने और सीट बेल्ट लगाने की कोशिश की, लेकिन वो सफल नहीं हो सके. बच्चा अपनी जिद पर अड़ा रहा और सीट बेल्ट लगाने के लिए तैयार नहीं हुआ. पोर्टर एयरलाइंस ने बताया कि ऐसी स्थिति में फ्लाइट को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी जा सकती थी. बच्चे को सुरक्षित तरीके से सीट पर बांधना जरूरी था. इसलिए चालक दल ने फ्लाइट को वापस टर्मिनल ले जाने का फैसला किया.

फ्लाइट के टर्मिनल पहुंचने के बाद फ्लाइट में मौजूद सभी यात्रियों को नीचे उतारना पड़ा. वहीं बच्चे और उसके माता-पिता का सामान विमान से बाहर निकालने, दोबारा फ्लाइट की नई योजना तैयार करने और जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करने में काफी समय लग गया.

यात्रियों को रातभर विक्टोरिया में रुकना पड़ा

इस पूरी प्रक्रिया के दौरान काफी देर हो गई. विक्टोरिया इंटरनेशनल एयरपोर्ट का रनवे रात 12:30 बजे के बाद बंद हो जाता है. जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने तक यह समय निकल चुका था. इसके कारण फ्लाइट PD444 उस रात टोरंटो के लिए उड़ान नहीं भर सकी. यात्रियों को रातभर विक्टोरिया में रुकना पड़ा. एयरलाइन ने यात्रियों को हुई परेशानी के लिए माफी मांगी और उन्हें अगले दिन की उड़ान से यात्रा कराने की व्यवस्था की.फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के मुताबिक, फ्लाइट शुक्रवार रात 10:49 बजे विक्टोरिया से रवाना हुआ और अगले दिन सुबह 6:16 बजे टोरंटो पहुंचा.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts