राष्ट्रीय एकता दिवस पर होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज जड़ौदा में शपथ ग्रहण, श्रद्धांजलि एवं क्विज प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जिले में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमलकिशोर देशभूषण के निर्देशन तथा अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह के मार्गदर्शन में होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जड़ौदा में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने की शपथ ग्रहण समारोह, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धा सुमन अर्पण तथा क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पूरे कार्यक्रम का संयोजन विद्यालय के प्रवक्ता डॉ. राजीव कुमार द्वारा किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्र की एकता और अखंडता की शपथ के साथ हुई। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया ने उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर “एक भारत, आत्मनिर्भर भारत” थीम के साथ कार्यक्रम को मनाया गया, जो देश के सशक्त, आत्मनिर्भर और एकजुट भारत के निर्माण के संकल्प को दर्शाता है।

राष्ट्रीय एकता दिवस हर वर्ष 31 अक्टूबर को मनाया जाता है। यह दिन भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के रूप में पूरे देश में मनाया जाता है, जिन्हें लौह पुरुष के नाम से जाना जाता है। स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद देश के एकीकरण में सरदार पटेल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। उन्होंने ब्रिटिश शासन से स्वतंत्र हुई लगभग 565 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर भारत को एक अखंड राष्ट्र के रूप में स्थापित किया। उनके दृढ़ निश्चय, दूरदर्शिता और संगठन क्षमता के कारण आज भारत एक सशक्त और एकीकृत राष्ट्र के रूप में विश्व मंच पर खड़ा है।कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने सरदार पटेल के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्हें यह सम्मान केवल इसलिए नहीं मिला कि उन्होंने रियासतों का विलय कराया, बल्कि इसलिए भी क्योंकि वे एक दूरदर्शी और व्यवहारिक नेता थे। उन्होंने हमेशा यह माना कि यदि भारत को मजबूत बनना है, तो पहले उसे एकजुट होना आवश्यक है। इसी सोच ने उन्हें ‘भारत का एकीकरणकर्ता’ बना दिया।

विद्यालय परिसर में आयोजित क्विज प्रतियोगिता में छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, एकता और समर्पण की भावना को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम के अंत में सरदार वल्लभभाई पटेल को पुष्पांजलि अर्पित कर उनकी प्रेरणादायक स्मृति को नमन किया गया।डॉ. राजीव कुमार द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया, प्रवक्ताओं तथा समस्त शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम ने न केवल छात्रों को सरदार पटेल के आदर्शों से परिचित कराया, बल्कि उनमें देश की अखंडता और एकता को बनाए रखने का संकल्प भी जागृत किया। यह आयोजन इस बात का प्रतीक बना कि युवा पीढ़ी देश की एकता, अखंडता और आत्मनिर्भरता के पथ पर अग्रसर है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts