जेफ्री एपस्टीन केस में नया खुलासा, सात साल से सीलबंद सुसाइड नोट पर उठे सवाल,

अमेरिका के कुख्यात फाइनेंसर और यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन की मौत से जुड़ा एक नया और चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2019 में जेल में मौत से पहले एपस्टीन द्वारा लिखा गया एक कथित सुसाइड नोट पिछले सात वर्षों से सीलबंद रखा गया है और अब तक सार्वजनिक नहीं किया गया। The New York Times की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यह नोट सबसे पहले एपस्टीन के सेलमेट Nicholas Tartaglione को मिला था, जो खुद कई हत्याओं और ड्रग्स से जुड़े मामलों में दोषी ठहराया जा चुका है और वर्तमान में उम्रकैद की सजा काट रहा है।

यह घटना जुलाई 2019 की बताई जा रही है, जब एपस्टीन ने पहली बार आत्महत्या की कोशिश की थी। उस समय वह अपनी जेल कोठरी में बेहोश अवस्था में मिला था और उसकी गर्दन पर कपड़ा लिपटा हुआ था। टार्टाग्लियोन के अनुसार, उसे यह कथित सुसाइड नोट कोठरी में रखी एक ग्राफिक नॉवेल के अंदर मिला था। पीले रंग के कागज पर लिखे इस नोट में “Time to say goodbye” यानी ‘अलविदा कहने का समय’ जैसे शब्द दर्ज थे, जो उसकी मानसिक स्थिति की गंभीरता को दर्शाते हैं।

हालांकि, टार्टाग्लियोन ने यह नोट जेल अधिकारियों को सौंपने के बजाय अपने वकीलों को दे दिया। उसके वकीलों का कहना है कि उन्होंने नोट की पुष्टि की, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि उन्होंने इसकी सत्यता कैसे जांची। टार्टाग्लियोन ने यह कदम इसलिए उठाया क्योंकि उसे आशंका थी कि अगर वह नोट जेल प्रशासन को देता है, तो एपस्टीन उस पर हमला करने का आरोप लगा सकता है और मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश कर सकता है।रिपोर्ट के अनुसार, इस नोट को टार्टाग्लियोन के केस की सुनवाई कर रहे फेडरल जज ने सीलबंद कर दिया, जिसके चलते यह अब तक सार्वजनिक नहीं हो सका है। हैरानी की बात यह है कि इस नोट की न तो अमेरिकी न्याय विभाग ने जांच की और न ही एपस्टीन की मौत की जांच कर रही एजेंसियों ने इसे देखा है। अब इस नोट को सार्वजनिक करने की मांग तेज हो रही है, क्योंकि माना जा रहा है कि इससे एपस्टीन की रहस्यमयी मौत से जुड़े कई सवालों के जवाब मिल सकते हैं।

गौरतलब है कि एपस्टीन को 6 जुलाई 2019 को यौन तस्करी के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार किया गया था और वह मुकदमे का इंतजार कर रहा था। अगस्त 2019 में न्यूयॉर्क की जेल में उसकी मौत हो गई थी, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और जांच प्रक्रिया पर कई सवाल खड़े हुए थे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts