मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर देश के महान स्वतंत्रता सेनानी और आज़ाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती समाजवादी पार्टी कार्यालय महावीर चौक पर श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी एडवोकेट सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत नेताजी सुभाष चंद्र बोस की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन करने के साथ हुई। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नेताजी के आदर्शों, साहस और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए उनके योगदान को देश के लिए अमूल्य बताया। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति से ओत-प्रोत माहौल देखने को मिला और नेताजी के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।
इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी एडवोकेट और सपा प्रदेश सचिव चौधरी इलम सिंह गुर्जर ने संयुक्त रूप से कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के ऐसे अग्रणी नायक थे, जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ सशस्त्र संघर्ष का मार्ग अपनाकर देश को आज़ादी की दिशा में नई ताकत दी। उन्होंने कहा कि “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा” जैसे नारों से नेताजी ने देशवासियों में जोश और बलिदान की भावना भर दी थी।
नेताओं ने कहा कि नेताजी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने न केवल आज़ाद हिंद फौज का गठन किया, बल्कि विदेशों में रहकर भी भारत की आज़ादी के लिए अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाया। उनका साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी हर भारतवासी के लिए मार्गदर्शक है। ऐसे महान क्रांतिकारियों के संघर्ष और बलिदान के कारण ही आज देश आज़ादी की सांस ले रहा है।
कार्यक्रम में सपा नेता सोमपाल सिंह कोरी, धर्मेंद्र सिंह पंवार नीटू, विकील चौधरी गोल्डी अहलावत, लोकेंद्र कुमार सहित अन्य सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक न्याय व देशहित के लिए संघर्षरत रहने का संकल्प लिया।















