मुजफ्फरनगर नगर कोतवाली पुलिस ने एक शातिर ठग नौशाद त्यागी उर्फ रिक्की उर्फ राहुल त्यागी को गिरफ्तार किया है, जो खुद को फर्जी पुलिसकर्मी बताकर महिलाओं को ठगता था। आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसके 18 से 20 गर्लफ्रेंड हैं और वह 10 महिलाओं के साथ शारीरिक संबंध भी बना चुका है। पुलिस के अनुसार, नौशाद महिलाओं को शादी का झांसा देकर उनसे पैसे और जेवर हड़प लेता था। एक महिला से उसने 2 लाख 75 हजार रुपये नगद और तीन लाख रुपये से अधिक कीमत के आभूषण ठगे। आरोपी पुलिस की वर्दी पहनकर रौब झाड़ता था और महिलाओं को झांसे में लेकर उनसे नजदीकियां बढ़ाता था।कोतवाली नगर पुलिस ने उसे चरथावल रोड से गिरफ्तार किया। उसके पास से पुलिस की वर्दी, नकली बैज और अन्य फर्जी सामान बरामद हुए हैं। नौशाद ने पूछताछ में यह भी स्वीकार किया कि उसने कई महिलाओं के साथ धोखाधड़ी की और उनके आपत्तिजनक फोटो व वीडियो भी बनाए। आरोपी का असली नाम नौशाद है, लेकिन वह खुद को राहुल त्यागी नाम से पहचानता था और पुलिसकर्मी बनकर महिलाओं के बीच अपनी पहचान बनाता था। वह विशेष रूप से अकेली और विधवा महिलाओं को निशाना बनाता था, ताकि उन्हें आसानी से झांसे में लिया जा सके।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने जानकारी दी कि आरोपी के संबंध असम, मेघालय, गाजियाबाद, मथुरा, संभल और मुजफ्फरनगर सहित कई राज्यों और शहरों से हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और उसके संपर्क में आई अन्य महिलाओं से भी पूछताछ की जाएगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसके द्वारा तैयार की गई फर्जी पहचान और पुलिस की वर्दी किस उद्देश्य से और किन–किन मामलों में इस्तेमाल की गई। आरोपी के मोबाइल फोन से प्राप्त डाटा की भी जांच की जा रही है ताकि और अधिक महिलाओं से की गई ठगी का खुलासा हो सके।















