सफाई कर्मियों के हित में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की बैठक,

मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की सदस्य डॉ. सुषमा गौड़ियाल ने आज विकास भवन सभागार में संबंधित अधिकारियों और सफाई कर्मियों के पदाधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक की। बैठक में उन्होंने सफाई कर्मियों के लिए संचालित लाभकारी एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि समाज कल्याण वित्त निगम द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि सफाई कर्मी और पात्र लोग इनका लाभ प्राप्त कर सकें।

उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज का अभिन्न अंग हैं और पूरा देश उनकी सेवाओं पर निर्भर रहता है, लेकिन इसके बावजूद वे सबसे कमजोर वर्ग में गिने जाते हैं। शिक्षित समाज की जिम्मेदारी है कि वह इन बेसहारा लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए आगे आए। उन्होंने नगर पालिका समेत सभी निकायों को निर्देश दिया कि नियमित और संविदा पर कार्यरत सफाई कर्मियों को नियमानुसार अवकाश दिया जाए। साथ ही, उनकी बस्तियों में नियमित रूप से स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराए जाएं, जहां उनके स्वास्थ्य की जांच हो और निशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने यह भी कहा कि सफाई कर्मियों की बस्तियों में स्वच्छता अभियान चलाया जाए और केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देने के लिए नियमित शिविर लगाए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सफाई कर्मियों को सुरक्षा के आधुनिक उपकरण मुहैया कराए जाएं और उनका मानदेय समय पर दिया जाए।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारियों और जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सफाई कर्मियों को समय से वेतन, यूनिफॉर्म और सफाई उपकरण उपलब्ध कराए जाएं। सफाई कर्मियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक माह सामूहिक बैठक आयोजित की जाए और उसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

बैंकों को निर्देश दिए गए कि वे अपनी योजनाओं के अंतर्गत सफाई कर्मियों को अधिक से अधिक लाभान्वित करें। महिला सफाई कर्मियों के लिए हर माह दो बार स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएं। सेवानिवृत्त सफाई कर्मियों या दिवंगत कर्मचारियों के देय भुगतान जल्द से जल्द सुनिश्चित किए जाएं, इसमें किसी प्रकार की शिथिलता न हो।

इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संदीप भागिया, अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह, एसपी क्राइम प्रशांत कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी विनीत मलिक, डीसी मनरेगा प्रमोद यादव, नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी प्रज्ञा सिंह सहित संबंधित अधिकारी और सफाई कर्मचारी संघों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts