मुजफ्फरनगर में 9 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत,

मुजफ्फरनगर। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने और अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुजफ्फरनगर की ओर से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जनपद न्यायालय के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ० सत्येन्द्र कुमार चौधरी ने की। बैठक में जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित अधिकाधिक मामलों को चिन्हित कर आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रस्तुत करें, ताकि उनका त्वरित और आपसी सहमति से निस्तारण किया जा सके।

बैठक के दौरान बताया गया कि माननीय जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष के निर्देशानुसार दिनांक 9 मई 2026, द्वितीय शनिवार को दीवानी न्यायालय परिसर मुजफ्फरनगर सहित वाह्य न्यायालय बुढाना, ग्राम न्यायालय जानसठ, ग्राम न्यायालय खतौली और कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के मामलों जैसे आपराधिक मामले, धारा 138 एनआई एक्ट के प्रकरण, बैंक रिकवरी, मोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिकाएं, टेलीफोन, बिजली और पानी के बिलों से जुड़े विवाद, वैवाहिक वाद, भूमि अधिग्रहण से संबंधित मामले, राजस्व वाद और अन्य सिविल मामलों का निस्तारण किया जाएगा।

डॉ० चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लंबित मामलों की सूची तैयार कर पक्षकारों को नोटिस जारी करें और उन्हें लोक अदालत में उपस्थित होने के लिए प्रेरित करें, जिससे आपसी समझौते के माध्यम से मामलों का शीघ्र समाधान हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि लोक अदालत एक सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय का माध्यम है, जिसमें किसी भी पक्ष पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ता और विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान होता है।

इस बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, संयुक्त आयुक्त (वस्तु एवं सेवा कर विभाग), जिला दिव्यांग अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने स्तर पर लोक अदालत को सफल बनाने और अधिकतम मामलों के निस्तारण के लिए सहयोग का आश्वासन दिया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts