मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा 2025 को निर्विघ्न, दुर्घटनामुक्त एवं सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से मुजफ्फरनगर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। यात्रा को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने आज भूराहेड़ी चेकपोस्ट, रामपुर तिराहा, बागोवाली कट समेत विभिन्न कांवड़ मार्गों का निरीक्षण कर ड्यूटी प्वाइंट्स की समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा से जुड़ी तमाम व्यवस्थाओं जैसे बैरिकेडिंग, डायवर्जन व्यवस्था, बैरियर, रिफ्लेक्टर आदि का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है, ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कांवड़ मार्ग पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने, श्रद्धालुओं से विनम्रता पूर्वक व्यवहार करने और उनकी हरसंभव सहायता करने के निर्देश दिए गए।इसके साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने हेतु डायवर्जन प्लान को सख्ती से लागू कराने और कांवड़ मार्ग पर लगातार पेट्रोलिंग करने का भी निर्देश दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि अगर किसी श्रद्धालु को स्वास्थ्य संबंधी समस्या होती है या कोई अप्रिय घटना घटित होती है, तो तुरंत मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई जाए और उच्चाधिकारियों को तुरंत सूचित किया जाए।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी भोपा डॉ. रविशंकर सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है और हर संभावित चुनौती से निपटने की तैयारी पूरी कर ली गई है। प्रशासन का संकल्प है कि यह यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भक्तिमय माहौल में संपन्न हो।















