मुजफ्फरनगर में पुलिस लाइन सभागार में जनपद के पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से व्यापक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक अपराध, अपर पुलिस अधीक्षक सहित समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक एलआईयू, एसओजी प्रभारी और जनपद के सभी थाना/शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र के टॉप-10 और हिस्ट्रीशीटर अपराधियों पर सतत नजर रखी जाए तथा उनके क्रियाकलापों की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने असामाजिक तत्वों पर विधिक कार्रवाई करने, थानाक्षेत्र के ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों, पुलिस मित्रों व ग्राम प्रहरियों के साथ समन्वय स्थापित करने और शराब, खनन, पशु व शस्त्र तस्करी जैसे अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही गैंगस्टर अधिनियम की धारा 14(1) के अंतर्गत अपराधियों की संपत्ति जब्त करने का निर्देश भी दिया गया।
महिला सुरक्षा और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत एन्टी रोमियो स्क्वॉड, महिला आरक्षियों और अन्य पुलिसकर्मियों को स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों में जाकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी देने, वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 जैसी सेवाओं के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थानों पर आगंतुकों, फरियादियों और जनप्रतिनिधियों के साथ शालीन व्यवहार, स्वच्छ वातावरण, पेयजल और प्रसाधन सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। थानों पर लंबित विवेचनाओं, विशेषकर एससी/एसटी एक्ट, महिला अपराध और पोक्सो एक्ट की समीक्षा कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अवैध शराब, जुआ, सट्टा और मादक पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए अभियान चलाने और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने पर भी बल दिया गया। इसके अलावा, लंबित माल निस्तारण, हिस्ट्रीशीटर सत्यापन, शराब/गौतस्कर सत्यापन और ऑपरेशन सवेरा जैसे विशेष अभियानों पर गंभीरतापूर्वक कार्य करने के निर्देश सभी थाना प्रभारियों को दिए गए।
सभी पुलिसकर्मियों से अपेक्षा की गई कि भ्रष्टाचार के किसी भी मामले में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। आगामी पर्वों और त्यौहारों के दृष्टिगत बाजारों, भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त करने, मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों को प्रभावी ढंग से कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।
अंत में, अतुलनीय साहस और वीरता के लिए थाना प्रभारी खतौली को पुलिस महानिदेशक द्वारा वीरता पदक और प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी को अपने कर्तव्यों का पालन पूरी निष्ठा, लगन और कुशलता के साथ करने हेतु प्रेरित किया।















