मुजफ्फरनगर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा पुलिस कार्यालय में “आपरेशन पहचान एप” को लॉन्च किया गया। इस एप का उद्देश्य अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण करना है। “ऑपरेशन पहचान एप” में तीन स्तरों पर कार्य किया जाता है। पहले चरण में अपराधियों को चिन्हित किया जाता है और उनका आईडेन्टिफिकेशन किया जाता है। दूसरे चरण में अपराधियों का डोजियर भरकर उनका डाटा एप पर फीड किया जाता है।

तीसरे चरण में बीट पुलिस अधिकारी और निरीक्षकगण द्वारा अपराधियों का भौतिक सत्यापन किया जाता है और उनके खिलाफ इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और अन्य अपराधियों से संबंध की जानकारी एकत्र कर एप पर फीड की जाती है। अब तक इस एप पर हिस्ट्रीशीटर, गैंगस्टर, गैंग के सदस्य, गौकश, एनडीपीएस एक्ट, टॉप-10 अपराधी तथा अन्य गंभीर अपराध करने वाले 5000 से अधिक अपराधियों का विवरण फीड किया जा चुका है, और 70% अपराधियों का भौतिक सत्यापन किया गया है। इस एप के माध्यम से अपराधियों का पूरा विवरण एक ही प्लेटफार्म पर उपलब्ध होगा, जिससे अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण में मदद मिलेगी। “ऑपरेशन पहचान एप” को पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में कम्प्यूटर ऑपरेटर सौरभ त्यागी द्वारा तैयार किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा एप तैयार करने वाली टीम को 5000 रुपये के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया है।















