जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए मुजफ्फरनगर नगर पालिका ने शुरू किया नाला सफाई अभियान

मुजफ्फरनगर। बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से परेशान शहरवासियों को राहत देने के लिए नगरपालिका परिषद ने बड़ा कदम उठाया है। सोमवार को नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने अस्पताल चौक से निकलकर लद्दावाला की ओर जाने वाले बड़े नाले की सफाई अभियान की शुरुआत कराई और स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण भी किया। इस साल भारी वर्षा के कारण शहर के कई मोहल्लों में जलभराव की स्थिति विकराल रूप से सामने आई थी। विशेषकर हनुमानपुरी और रामलीला टिल्ला इलाके में घरों और गलियों में पानी भर जाने से लोग बुरी तरह से परेशान हो गए थे। जनता की इस समस्या को देखते हुए पालिकाध्यक्ष और ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह संसाधनों और पूरी टीम के साथ जनता के बीच उतरे, उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया।पालिकाध्यक्ष ने बताया कि बरसात के दौरान जब वह जनता के बीच गईं, तो लोगों ने बताया कि कई नालों में कूड़े और गंदगी की वजह से पानी की निकासी बंद हो गई थी। इस वजह से पानी मोहल्लों और घरों में भरने लगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विभागीय समन्वय बनाकर रिपोर्ट तलब की गई, जिसमें यह सामने आया कि अस्पताल चौक से लद्दावाला की ओर जाने वाला मुख्य नाला अवरुद्ध हो जाने से जलभराव की समस्या और भी बढ़ गई। इसी रिपोर्ट के आधार पर निर्माण, जलकल और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से एक समन्वित योजना बनाई गई। इसी के तहत पालिका निर्माण विभाग द्वारा नाले की तली झाड़ सफाई कार्य की शुरुआत सोमवार को की गई। लगभग 600 मीटर लंबे इस नाले की सफाई पर करीब छह लाख रुपये से अधिक का व्यय किया जाएगा।मीनाक्षी स्वरूप ने नाले की सफाई का भौतिक निरीक्षण करते हुए विभागीय अधिकारियों और ठेकेदार को सख्त निर्देश दिए कि सफाई कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरती जाए। उन्होंने साफ कहा कि यदि कोताही सामने आई तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। ईओ को आदेश दिया गया कि वे लगातार सफाई कार्य की निगरानी करें और सुनिश्चित करें कि नाले की सफाई गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरी हो। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद भी किया और उनसे उनकी परेशानियों को समझने का प्रयास किया।पालिकाध्यक्ष ने कहा कि जनता से किए गए वादों पर प्रशासन गंभीरता से काम कर रहा है। इस अभियान का उद्देश्य केवल अस्थायी राहत देना नहीं है, बल्कि शहर के नालों की निकासी व्यवस्था को स्थायी रूप से दुरुस्त करना है ताकि भविष्य में जलभराव की समस्या से निजात मिल सके। उन्होंने कहा कि नगर की स्वच्छता और जलभराव की समस्या को हल करना उनकी प्राथमिकता है। इस नाले की सफाई से अस्पताल चौक, लद्दावाला और आसपास के इलाकों में जलभराव की स्थिति में बड़ा सुधार आएगा और नागरिकों को राहत मिलेगी।निरीक्षण के दौरान ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय प्रताप शाही, एई निर्माण नैपाल सिंह, जेई निर्माण राजीव सोनकर, ठेकेदार डीके जैन और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। नगर पालिका प्रशासन का यह प्रयास शहर के लिए राहत की किरण साबित होगा और स्वच्छ एवं बेहतर मुजफ्फरनगर की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts