हादसा पीड़ित परिवार से मिले सांसद हरेंद्र मलिक.

मुजफ्फरनगर,बुढ़ाना। क्षेत्र के गांव हबीबपुर सीकरी में लगातार हुई बारिश के चलते मकान गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। हादसे की सूचना मिलने पर मुजफ्फरनगर लोकसभा सांसद हरेंद्र मलिक मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि यह बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही हादसे में घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

सांसद ने जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस द्वारा राहत एवं बचाव कार्य में की गई तत्परता की सराहना की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर निर्देश दिए कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और उन्हें सभी आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। हरेंद्र मलिक ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में वह उनके साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने घोषणा की कि समाजवादी पार्टी की ओर से पीड़ित परिवार के लिए पक्का मकान बनवाया जाएगा, ताकि उन्हें सुरक्षित आवास मिल सके और वे सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।उन्होंने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से भी मांग की कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, आवास और अन्य राहत योजनाओं का लाभ बिना किसी देरी के उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के समय प्रशासन और समाज दोनों का दायित्व है कि पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद करें। इस दौरान आसिफ कुरैशी, ताज जिया नम्बरदार, जफर अली, अदनान, रमेश, खान जी, आजाद, राकेश सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts