धौलपुर राजस्थान मदरसा बोर्ड और जगन फाउंडेशन की साझेदारी में “पीरियड का पीरियड” नामक सेनेटरी नैपकिन चेतना अभियान की शुरुआत की गई। स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर 7, 8 और 9 अप्रैल को जयपुर स्थित पांच मदरसों में आयोजित इस अभियान के तहत 300 से अधिक युवतियों को मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने, स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और सेनेटरी नैपकिन के सुरक्षित उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।
मदरसा बोर्ड के सचिव चेतन चौहान ने बताया कि इस अभियान का पहला चरण जयपुर के मदरसा जीनतुल उलूम, मदरसा तालीमुल कुरआन, मदरसा ए.एफ.डी., जामिया तय्यबा मेमोरियल स्कूल और मदरसा हिदायतुल इस्लाम में संचालित किया गया। वहीं, जगन फाउंडेशन की निदेशक मालविका मुदगल ने बताया कि वर्कशॉप के माध्यम से छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता, पोषण, शरीर की देखभाल और मानसिक संकोच से उबरने जैसे विषयों पर सरल व संवेदनशील तरीके से मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को नि:शुल्क सेनेटरी किट्स भी वितरित की गईं। आयोजकों ने बताया कि इस पहल की प्रतिक्रिया के आधार पर इस अभियान को अन्य मदरसों और क्षेत्रों में भी विस्तार देने की योजना है।















