मुजफ्फरनगर में मिशन शक्ति 5.0 का शुभारम्भ, बालिकाओं ने दी शानदार प्रस्तुतियां

मुजफ्फरनगर में मिशन शक्ति 5.0 का शुभारम्भ एक गरिमामयी कार्यक्रम के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि उपायुक्त उद्योग जैस्मिन, विशिष्ट अतिथि डॉ. राजीव कुमार, विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया, विद्यालय अध्यक्ष रीटा दहिया, रीना और सुरेखा मौजूद रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस वर्ष मिशन शक्ति 5.0 को ‘शक्ति के पंच प्रवाह’ के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जिसमें सुरक्षा, सम्मान, स्वावलम्बन, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है।

मुख्य अतिथि जैस्मिन ने कहा कि मिशन शक्ति फेज-5 का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण और स्वावलम्बन को बढ़ावा देना है। महिलाओं के साथ उत्पीड़न और अपराधों को रोकने के लिए त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि शिकायतों का शीघ्र निस्तारण और कानूनी सहायता अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने महिलाओं को जागरूक कर सामुदायिक जुड़ाव बढ़ाने और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने पर जोर दिया। साथ ही यह भी कहा कि किसी भी उत्पीड़न या समस्या की स्थिति में महिलाएं हेल्पलाइन नंबर 1090 पर तुरंत सहायता प्राप्त कर सकती हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस गश्त, पीआरवी-112 और थानों में स्थापित शक्ति केंद्रों के माध्यम से त्वरित मदद उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि चाहे महिलाएं सड़क, सार्वजनिक स्थल, विद्यालय, कॉलेज, बाजार या धार्मिक व उत्सव स्थलों पर हों, उन्हें सुरक्षित माहौल प्रदान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया ने अपने संबोधन में कहा कि मिशन शक्ति न केवल महिलाओं को सुरक्षा उपलब्ध कराता है, बल्कि समाज में उनके प्रति संवेदनशीलता और सम्मान की भावना को भी मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि यह प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है कि घर और समाज में महिलाओं के सम्मान की रक्षा करे। विद्यालयों और समाज का कर्तव्य है कि छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण, साइबर सुरक्षा जागरूकता और परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि मिशन शक्ति 5.0 महिलाओं को उद्यमिता और स्वरोजगार की दिशा में प्रेरित कर रहा है।

इस अवसर पर विद्यालय की बालिकाओं ने पोस्टर, स्लोगन और गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। छात्राओं ने आत्मरक्षा हेतु लाठी का शानदार प्रदर्शन कर अतिथियों को हतप्रभ कर दिया। इस प्रस्तुति ने यह संदेश दिया कि बालिकाएं न केवल शिक्षा और कला में बल्कि आत्मरक्षा में भी सक्षम हैं। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाली छात्राओं को पदक और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में आराध्या, पूर्वी, विधि, प्रियांशी, अक्षिता पहाड़वाल, अदिति, वंशिका, जानवी, मानवी, अर्पिता और सृष्टि ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। लाठी प्रतियोगिता में अंशिका, वंशिका, परी, वैष्णवी और अंजी ने शानदार प्रदर्शन किया। स्लोगन प्रतियोगिता में आराध्या, प्रियांशी सिंह, अनोखी और वैष्णवी ने अपनी रचनात्मकता से सबका मन जीत लिया।

कार्यक्रम छात्राओं के उत्साह, आत्मविश्वास और प्रस्तुतियों के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और यह स्पष्ट संदेश दिया कि मिशन शक्ति 5.0 महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त पहल है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts