मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना परिसर में रविवार को भारत सरकार के महत्वाकांक्षी मिशन शक्ति 5.0 अभियान का शुभारंभ एक भव्य कार्यक्रम के साथ किया गया। कार्यक्रम में नगरपालिका परिषद् की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मिशन शक्ति केवल एक अभियान नहीं, बल्कि महिलाओं को भयमुक्त वातावरण, आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन दिलाने की ठोस पहल है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जब तक महिलाएं सुरक्षित, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर नहीं होंगी, तब तक समाज की सशक्त तस्वीर पूरी नहीं हो सकती।मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकता हमेशा महिलाओं को सुरक्षित और सशक्त बनाना रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे इन योजनाओं से जुड़ें और अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने महिला सुरक्षा को केवल सरकार की जिम्मेदारी न मानकर समाज के हर नागरिक का कर्तव्य बताया। इस दौरान उन्होंने महिला पुलिस अधिकारियों से मिशन शक्ति 5.0 की योजनाओं की जानकारी ली और महिलाओं को उनके अधिकारों एवं सरकारी सुविधाओं से अवगत कराते हुए जागरूक किया।कार्यक्रम में सीओ नई मंडी राजू कुमार शाव ने कहा कि पुलिस प्रशासन महिलाओं की सुरक्षा के लिए हर स्तर पर सतर्क और संकल्पित है। उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत ठोस कार्य योजनाएं तैयार की गई हैं, ताकि बेटियों और बहनों को सुरक्षित माहौल दिया जा सके। थाना प्रभारी दिनेश चन्द्र बघेल ने भरोसा दिलाया कि थाने का पूरा स्टाफ इस दिशा में हर संभव प्रयास करेगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।व्यापारी समाज ने भी इस अभियान में सहयोग का आश्वासन दिया। व्यापारी नेता कृष्ण गोपाल मित्तल और सुनील तायल ने कहा कि व्यापारी वर्ग प्रशासन के साथ मिलकर महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने के लिए हर कदम पर सहयोग करेगा। इस मौके पर युवा भाजपा नेता विकल्प जैन और आशुतोष गुप्ता ने युवाओं से इस मिशन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अगर युवा वर्ग मिशन शक्ति से जुड़कर आगे आएगा, तो अभियान अधिक प्रभावी और दूरगामी परिणाम देने वाला होगा।कार्यक्रम का समापन महिला सम्मान और सुरक्षा की शपथ के साथ हुआ। सभी उपस्थित लोगों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि समाज में महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सर्वोपरि होगी और किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर व्यापारी नेता शलभ गुप्ता, महिला पुलिस अधिकारी, व्यापारी वर्ग, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।यह आयोजन महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर समाज और प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु का काम करता नजर आया। मिशन शक्ति 5.0 न केवल महिला सुरक्षा का संकल्प है बल्कि समाज को जागरूक और संवेदनशील बनाने का भी प्रयास है। इस अभियान के जरिए प्रशासन और समाज के सभी वर्गों ने यह संदेश दिया कि जब तक महिलाएं सम्मान और सुरक्षा के साथ आगे नहीं बढ़ेंगी, तब तक राष्ट्र की प्रगति अधूरी है।















