मुजफ्फरनगर पुलिस की सतर्कता से गुमशुदा छात्र सकुशल बरामद

मुजफ्फरनगर। मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक और सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के दिशा-निर्देश पर जनपद मुजफ्फरनगर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी फुगाना रूपाली राव तथा थाना तितावी प्रभारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने गुमशुदा छात्र को त्वरित कार्रवाई कर सकुशल बरामद कर लिया। यह मामला थाना तितावी क्षेत्र स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय, बघरा से जुड़ा है। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने थाना तितावी पुलिस को लिखित तहरीर देकर अवगत कराया था कि कक्षा 9 में पढ़ने वाले दो छात्रों के बीच झगड़ा हो गया था। झगड़े के बाद प्रधानाचार्य ने दोनों को समझा-बुझाकर अपने-अपने घर भेज दिया, लेकिन उसी दौरान एक छात्र विद्यालय से कहीं चला गया और वापस नहीं लौटा। घटना के संज्ञान में आते ही पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन पुलिस टीमों का गठन किया। साथ ही मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत एक महिला पुलिस टीम को भी इस खोज अभियान में शामिल किया गया। पुलिस टीमों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए कि बच्चे की हर हाल में त्वरित बरामदगी सुनिश्चित की जाए। इसके बाद पुलिस टीमों ने अथक प्रयास शुरू किए। आधुनिक तकनीकी साधनों का उपयोग, सतर्कता और जमीनी स्तर पर किए गए गहन प्रयासों ने जल्द ही रंग दिखाया। पुलिस ने खोजबीन के दौरान सुराग जुटाए और 24 सितंबर 2025 को गुमशुदा छात्र को सकुशल बरामद कर लिया।

बरामद छात्र को थाना तितावी लाकर आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी की गई और फिर परिजनों के सुपुर्द किया गया। अपने बच्चे को सकुशल देखकर परिजनों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने मुजफ्फरनगर पुलिस की संवेदनशीलता, त्वरित कार्रवाई और कर्तव्यपरायणता की खुलकर प्रशंसा की। परिजनों ने कहा कि पुलिस ने न केवल तत्परता से काम किया बल्कि मानवीय दृष्टिकोण भी अपनाया, जिससे उनका बच्चा सुरक्षित घर वापस आ सका।

यह पूरा घटनाक्रम इस बात का प्रमाण है कि मुजफ्फरनगर पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। गुमशुदा बच्चों की तलाश में त्वरित कार्रवाई करना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है और इस मामले में भी पुलिस ने अपने प्रोफेशनलिज्म और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक परिवार को राहत दी। समाज में पुलिस की इस कार्यशैली से जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts