सहारनपुर। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) सहारनपुर चैप्टर के नये सत्र 2025-26 के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन मंगलवार को होटल दि ओएसिस में भव्यता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार में औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने नवनियुक्त चैप्टर चेयरमैन गौरव चोपड़ा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष परविंदर सिंह, महासचिव कुशल शर्मा व कोषाध्यक्ष सुरेंद्र मोहन कालड़ा सहित अन्य पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।
समारोह में महापौर डॉ. अजय सिंह, पूर्व सांसद राघव लखन पाल शर्मा, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रामजी सुनेजा, प्रमोद मिगलानी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजीव अरोड़ा, प्रमोद सडाना, आर.के. धवन व अन्य पदाधिकारी मंचासीन रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि एमएसएमई सेक्टर प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने के लक्ष्य में इस क्षेत्र की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सात एक्सप्रेसवे व 27 नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जा रहे हैं। सहारनपुर के उद्यमियों की ओर से उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने उनके समाधान का आश्वासन दिया।
समारोह में जोन हैड संजीव अरोड़ा ने औद्योगिक भूमि को लीजहोल्ड से फ्रीहोल्ड करने, यूपीसीडा नोटिस व ट्रांसफार्मर पर टीपीएमओ जैसी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं।
महापौर डॉ. अजय सिंह व पूर्व सांसद राघव लखन पाल ने भी उद्यमियों को प्रोत्साहित किया और संगठन को बधाई दी।
चैप्टर चेयरमैन गौरव चोपड़ा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए संस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प दोहराया। महासचिव कुशल शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष परविंदर सिंह व कोषाध्यक्ष सुरेंद्र मोहन कालड़ा ने भी सदस्यता वृद्धि व संगठन विस्तार पर जोर दिया।
समारोह में लगभग 300 उद्यमी, उद्योग संगठन व विभिन्न एसोसिएशन के प्रतिनिधि शामिल हुए।
अंत में मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।















