मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा: मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने घायलों से की मुलाकात,

मुजफ्फरनगर जनपद के खतौली तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुर्जरहेड़ी के निकट सठेड़ी चौराहे से नहर पटरी मार्ग पर मेरठ की ओर जा रहे एक पिकअप वाहन और सामने से आ रहे डंपर के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि पिकअप में सवार श्रमिकों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन में कई श्रमिक महिलाएं और पुरुष मटर तुड़ाई के लिए कार्यस्थल की ओर जा रहे थे। दुर्घटना में दो श्रमिकों की मौके पर ही दुःखद एवं असामयिक मृत्यु हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से जिला चिकित्सालय मुजफ्फरनगर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने जिला प्रशासन से विस्तृत जानकारी प्राप्त की और त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद मंत्री स्वयं जिला चिकित्सालय पहुंचे और भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, सिटी मजिस्ट्रेट, पटवारी तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उपलब्ध कराई जाए। साथ ही पर्याप्त दवाओं और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

कपिल देव अग्रवाल ने शोक संतप्त परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार प्रत्येक प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करेगी। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को दुर्घटना के कारणों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

उन्होंने आमजन से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और वाहन चलाते समय सतर्कता बरतने की अपील की। इस दुखद घटना पर मंत्री ने दिवंगत श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार ने आश्वस्त किया है कि इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों को हर संभव सहयोग और वैधानिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts