मुजफ्फरनगर में प्रदूषण और ट्रैफिक जाम पर प्रशासन, उद्योगपति और भाकियू की बैठक,

मुजफ्फरनगर। जिले में लगातार बढ़ रहे प्रदूषण और ट्रैफिक जाम की समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन की मध्यस्थता में फैक्ट्री मालिकों और भारतीय किसान यूनियन के साथ पूर्व निर्धारित बैठक आयोजित की गई। यह बैठक 2 फरवरी को जिला पंचायत सभागार में हुई, जिसकी अध्यक्षता भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने की। गौरतलब है कि इससे पहले दिसंबर माह के अंतिम सप्ताह में भी इसी मुद्दे को लेकर एक बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें जिला प्रशासन ने फैक्ट्री मालिकों और संबंधित पक्षों को व्यवस्थाओं में सुधार के लिए एक माह का समय दिया था। उसी क्रम में यह समीक्षा बैठक बुलाई गई। बैठक के दौरान उद्योगपतियों ने क्षेत्र में किए गए सुधार कार्यों की विस्तृत जानकारी दी, जिसे सुनकर क्षेत्रवासी और किसान प्रतिनिधि संतुष्ट नजर आए।

उत्तर प्रदेश पेपर मिल एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने बैठक के बाद जानकारी देते हुए बताया कि दिसंबर की बैठक के तुरंत बाद से ही फैक्ट्री मालिकों के साथ लगातार संवाद किया गया और व्यवस्थाओं में सुधार के लिए दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि भोपा रोड पर लगने वाला ट्रैफिक जाम सबसे बड़ी समस्या के रूप में सामने आया था, जिसे प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया गया है। वर्तमान में भोपा रोड पर जाम की स्थिति में काफी सुधार देखने को मिला है और आम जनता को राहत मिली है। इसके साथ ही फैक्ट्रियों के बाहर उड़ने वाली धूल को लेकर भी गंभीर कदम उठाए गए हैं। सड़कों और फैक्ट्री परिसरों में साफ-सफाई बढ़ाई गई है, जिससे धूल की समस्या में भी कमी आई है। पंकज अग्रवाल ने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान अभी पूरी तरह नहीं हो पाया है, उन पर लगातार काम जारी है और जल्द ही उनका भी स्थायी समाधान किया जाएगा।

बैठक में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि फैक्ट्री मालिकों द्वारा किए गए सुधारों से क्षेत्र के लोग काफी हद तक संतुष्ट हैं, लेकिन प्रदूषण और फैक्ट्री से निकलने वाली राख की समस्या पर अभी और काम किया जाना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए आधुनिक संयंत्र लगाए जाना अनिवार्य है। इस संबंध में फैक्ट्री मालिकों को निर्देश दे दिए गए हैं और उद्योगों की ओर से संयंत्र लगाने के लिए ऑर्डर भी दिए जा चुके हैं। राकेश टिकैत ने बताया कि इन संयंत्रों के लगने के बाद प्रदूषण की समस्या में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इन सभी बिंदुओं की प्रगति की समीक्षा के लिए अगली बैठक 16 अप्रैल को आयोजित की जाएगी, जिसमें सुधार कार्यों की स्थिति का दोबारा आकलन किया जाएगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts