पनीर स्टफ्ड दम आलू एक ऐसी डिश है जिसे आपने अक्सर शादी–पार्टियों या बड़े रेस्त्रां में बेहतरीन क्रीमी टेक्स्चर के साथ खाया होगा, लेकिन घर पर वही स्वाद लाना थोड़ा मुश्किल लगता है। हालांकि, अगर आप इस रेसिपी को स्टेप बाय स्टेप फॉलो करेंगे, तो इससे बेहतर स्वाद शायद ही आपने कभी घर पर महसूस किया होगा। छोटे आलुओं को खोखला करके उनमें मसालेदार पनीर की फिलिंग भरी जाती है, जो हर बाइट में क्रीमीपन और रिच फ्लेवर का एहसास कराती है। इस सब्जी की सबसे खास बात यह है कि इसमें देसी घी का हल्का सा तड़का डाला जाता है, जिससे इसका स्वाद और भी गहरा और सुगंधित हो जाता है। हालांकि, अगर आप हल्का खाना पसंद करते हैं तो देसी घी को स्किप भी कर सकते हैं। इस रेसिपी में दही, काजू पेस्ट, टमाटर और सुगंधित मसालों का ऐसा संतुलन है जो ग्रेवी को रेस्टोरेंट स्टाइल टेक्स्चर देता है। वहीं हल्के तेल में डीप या शैलो फ्राय किए गए आलू अंदर से नरम और बाहर से हल्के क्रिस्पी लगते हैं। यह डिश लंच–डिनर दोनों के लिए परफेक्ट है, और मेहमानों के आने पर तो जैसे खाने की मेज की शान ही बढ़ जाती है। पनीर की भरावन जब मुंह में घुलती है तो उसका स्वाद लंबे समय तक ज़ुबान पर बना रहता है। चाहे आप इसे रोटी, नान, परांठा या जीरा राइस के साथ परोसें – हर कॉम्बिनेशन में इसका स्वाद लाजवाब लगता है। अगर आप अपने परिवार को कुछ स्पेशल खिलाना चाहते हैं या मेहमानों को प्रभावित करना चाहते हैं, तो यह पनीर स्टफ्ड दम आलू आपके मेन्यू में जरूर शामिल होना चाहिए। एक बार बनाएंगे तो हर बार इसी स्वाद की फरमाइश होने लगेगी।
स्टफिंग के लिए इनग्रेडिएंट्स
छोटे आलू (मध्यम आकार के) 6 से 8, पनीर (क्रम्बल किया हुआ) 200 ग्राम, किशमिश, 2 बड़े चम्मच, कटे हुए काजू ¼ कप, स्वादानुसार नमक और काली मिर्च, हरी मिर्च 1 छोटा चम्मच, गरम मसाला 1 छोटा चम्मच
ग्रेवी के लिए इनग्रेडिएंट्स
सरसों का तेल ¼ कप, सूखी लाल मिर्च 2, जीरा ½ छोटा चम्मच और अदरक, जीरा, धनिया का पेस्ट 2 बड़े चम्मच, टमाटर प्यूरी 1 कप, हल्दी पाउडर ½ छोटा चम्मच, लाल मिर्च पाउडर 1 छोटा चम्मच, कोफ्ता मसाला 1 छोटा चम्मच, काजू पेस्ट ½ कप, चीनी 1 छोटा चम्मच, घी 1 बड़ा चम्मच, गरम मसाला ½छोटा चम्मच, पानी आवश्यकतानुसार, नमक स्वादानुसार, धनिया पत्ती गार्निश के लिए.
पनीर स्टफ दम आलू की रेसिपी
सबसे पहले आलुओं को अच्छी तरह से धोकर छील लें और फिर बीच से स्कूप करके आलूओं को खोखला कर लें और इसपर थोड़ा सा नमक और हल्दी पाउडर डालकर स्प्रिंकलर करें. इसके बाद सरसों के तेल में आलुओं को फ्राई करें, लेकिन ध्यान रखें कि ये टूटने नहीं चाहिए. हल्के गोल्डन होने पर सारे आलुओं को प्लेट में निकाल लें.
स्टफिंग तैयार करें
स्टफिंग तैयार करने के लिए पनीर को कद्दूकस करें या फिर हाथों से क्रम्बल कर लें. इसके बाद इसमें कटी हुई हरी मिर्च, गरम मसाला, नमक, काली मिर्च, कटे हुए काजू और किशमिश एड करके अच्छी तरह से मिला लें. तैयार की गई स्टफिंग को फ्राई किए गए सारे आलू में अच्छी तरह से स्टफ कर दें. अब ये सब्जी बनाने के लिए तैयार हो चुके हैं.
पनीर स्टफ्ड की ग्रेवी
कढ़ाही में सरसों का तेल गर्म करें और इसमें जीरा के साथ ही साबुत लाल मिर्च डालकर तड़का तैयार करें. इसके बाद इसमें अदरक, जीरा और धनिया का पेस्ट भी एड कर दें. इसे दो से तीन मिनट चलाते हुए भून लें. अब टमाटर की प्यूरी भी एड कर दें. नमक,लाल मिर्च पाउडर, दो हरी मिर्च और हल्दी समेत बाकी के मसाले भी मिला लें. इसे थोड़ी देर भूनने के बाद काजू का पेस्ट डालें. इसे तब तक पकाना है जब तक कि तेल अलग न होने लगे.तैयार की गई ग्रेवी में जरूरत के मुताबिक पानी डालें और इसे दो उबाल आने तक पकने दें. इसके बाद स्टफ किए हुए आलू भी इसमें डाल दें 7 से 8 मिनट में आपकी ग्रेवी गाढ़ी हो जाएगी और आलू में भी मसाला ऑब्जर्व हो जाएगा. अब एक चम्मच देसी घी और गरम मसाला डालें साथ ही हर धनिया की पत्तियों से गार्निश करके गरमा गरम परोसें.















