अल्मोड़ा जिले के सीलापानी भिकियासैंण के पास बड़ा हादसा हुआ है. यहां खाई में बस गिरने की सूचना मिली है, जिसमें करीब 7 लोगों की मौत की खबर आ रही है. आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है.बताया जा रहा है कि भिकियासैंण क्षेत्र के सीलापानी में एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में 7 लोगों की मौत की खबर है. बताया जा रहा है कि बस में लगभग 12 यात्री सवार थे. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके के लिए रवाना हो गए हैं.
कैसे हुआ हादसा?
यह हादसा भिकियासैंण–विनायक–जालली मोटर मार्ग पर शिलापनी के पास हुआ। बस भिकियासैंण से रामनगर के लिए निकली थी। सुबह करीब 6 बजे द्वाराहाट से निकली थी तभी रास्ते में बस अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में 6 से 7 लोगों की मौत हो गई है। कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
घटनास्थल जिला मुख्यालय से करीब 100 किलोमीटर दूर है। आपदा अधिकारी विनीत पाल ने जानकारी देते हुए बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाई जा रही है और घायलों को तुरंत इलाज मुहैया कराया जा रहा है।
CM धामी ने जताया शोक
हादसे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सीएम ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा है, ”जनपद अल्मोड़ा में भिकियासैंण से रामनगर जा रही बस के भिकियासैंण–विनायक मोटर मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है, जिसमें यात्रियों के हताहत होने की सूचना है। यह घटना अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।”
आगे उन्होंने लिखा है, ”हादसे में घायल यात्रियों को जिला प्रशासन द्वारा त्वरित रूप से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर उपचार हेतु उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया है। इस पूरे प्रकरण की सतत निगरानी की जा रही है और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों से निरंतर संपर्क में हूं। ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।”















