अलवर जिले के समीप भिवाड़ी के चौपानकी औद्योगिक क्षेत्र में को सरपंच चौधरी खूबी खान के नेतृत्व में मेव समाज की एक विशाल महापंचायत का आयोजन किया गया। इस पंचायत का मुख्य उद्देश्य समाज में फैल रही गोकशी, टटलू बाजी, ओएलएक्स ठगी और नशे जैसी बुराइयों को जड़ से खत्म करना था। पंचायत में बड़ी संख्या में समाज के लोग, युवा और बुजुर्ग उपस्थित रहे। थाना अधिकारी नाथूलाल मीणा ने इस अवसर पर समाज के लोगों से अपराधियों की सूचना पुलिस के साथ साझा करने की अपील की, ताकि क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके। भिवाड़ी मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष चौधरी जसवीर सिंह राणा ने समाज के बुजुर्गों से युवाओं को बुराइयों से दूर रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सरपंच चौधरी खूबी खान ने कहा कि यह अभियान समाज सुधार की दिशा में पहला कदम है और जल्द ही जिला स्तर पर ग्यारह सदस्यीय कमेटी का गठन किया जाएगा, जो इस मुहिम को आगे बढ़ाएगी। पंचायत में सोशल मीडिया पर फैल रहे अभद्र वीडियो और अपराधों में लिप्त युवाओं को सुधारने पर विशेष जोर दिया गया। यह तय किया गया कि इस अभियान को गांव-गांव और मोहल्ले-मोहल्ले तक पहुंचाया जाएगा।
अलवर जिला मेव पंचायत के प्रवक्ता कासिम मेवाती ने कहा कि यह पहल समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम साबित होगी। वहीं हरियाणा मेवात से आए रिटायर्ड कमांडो हिदायत खान ने नशे और गैंगवॉर की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताई और जनप्रतिनिधियों से अपराधियों का समर्थन न करने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।















