बांदा। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत भटकी हुई एक 10 वर्षीय बच्ची को 10 दिन बाद सकुशल उसके परिजनों से मिलाया गया।18 जुलाई को 112 पर सूचना मिली कि एक नाबालिग बच्ची बांदा रेलवे स्टेशन के पास भटक रही है। सूचना पर 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बालिका को अपने संरक्षण में लिया। बच्ची की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उसे तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन सेंटर भेजा गया।इसके बाद विशेष किशोर पुलिस इकाई , मानव तस्करी रोधी इकाई और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम ने बच्ची के परिजनों की तलाश शुरू की। बच्ची की फोटो और जानकारी चाइल्ड हेल्पलाइन के विभिन्न समूहों में साझा की गई।टीम के लगातार प्रयासों से बच्ची की पहचान लक्ष्मी पुत्री लम्बू निवासी छीपी टोला, थाना रकाबगंज, जनपद आगरा के रूप में हुई।
परिजनों से संपर्क कर सत्यापन के बाद बच्ची को सकुशल उसकी मां लक्ष्मी को सुपुर्द किया गया। बच्ची आगरा कैंट से महाकौशल एक्सप्रेस में बैठ गई थी। ट्रेन चलने के बाद वह समय पर उतर नहीं पाई और भटकते हुए बांदा रेलवे स्टेशन पहुंच गई थी।अपनी बच्ची को सकुशल पाकर मां और परिजनों की आंखें खुशी से भर आईं। उन्होंने पुलिस टीम, चाइल्ड हेल्पलाइन और संबंधित सभी विभागों का हृदय से आभार व्यक्त किया।एसपी पलाश बंसल ने कहा कि “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत गुमशुदा बच्चों को ढूंढकर परिजनों से मिलाना पुलिस की प्राथमिकता है।























































