लायंस क्लब मुज़फ्फरनगर उन्नति ने पुलिस अधिकारियों संग मनाया रक्षाबंधन, थाने में हुआ भावनात्मक सम्मान समारोह

रक्षाबंधन के पावन अवसर पर लायंस क्लब मुजफ्फरनगर उन्नति ने एक सराहनीय पहल करते हुए नई मंडी थाने में तैनात पुलिस अधिकारियों व सिपाहियों संग रक्षाबंधन का त्योहार मनाया। इस अवसर पर थाने में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य पुलिस विभाग के उन कर्मियों को घर जैसा माहौल देना था, जो अपने परिवारों से दूर रहकर लगातार ड्यूटी पर तैनात रहते हैं। कार्यक्रम ने समाज में भाईचारे, सद्भाव और सम्मान की भावना को और प्रबल किया।

समारोह में लायंस क्लब की महिला सदस्यों, लायनेड्स और बच्चियों ने पुलिस अधिकारियों को राखी बाँधी और मिठाई खिलाकर उन्हें उनके समर्पण व सेवा भावना के लिए धन्यवाद दिया। राखी बांधते हुए सभी बहनों ने पुलिसकर्मियों की लंबी उम्र, सुरक्षा और सफलता की कामना की। इस अनूठे आयोजन ने पुलिसकर्मियों के चेहरों पर मुस्कान और भावनात्मक जुड़ाव की झलक साफ दिखाई।

कार्यक्रम के दौरान क्लब अध्यक्ष अमित मित्तल ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं है, बल्कि यह समाज में आपसी एकता, प्रेम और सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मी हमारी सुरक्षा के लिए हर समय तत्पर रहते हैं, ऐसे में हमारा यह कर्तव्य है कि हम भी उनके प्रति सम्मान और सहयोग का भाव रखें।

इस भावनात्मक कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट अम्बेसडर सीए अजय अग्रवाल, डिस्ट्रिक्ट पदाधिकारी रीना अग्रवाल, सचिव नितिन गोयल, कोषाध्यक्ष दिनेश गर्ग, मुकुल गोयल, मुनीश जैन, निखिल मित्तल, वंदना मित्तल, अर्चना जैन, प्रगति गोयल, नेहा गर्ग, अनुराधा गुप्ता, निष्ठा गुप्ता, नीतू गोयल, खुशबू गोयल, गुंजन व काव्या सहित अनेक लायन सदस्यों ने भाग लेकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी क्लब के मीडिया चेयरमैन एवं डिप्टी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनिल कंसल ने दी। उन्होंने बताया कि सभी पुलिस अधिकारियों को राखी बांधी गई, मिठाई खिलाई गई और उनके समर्पण के लिए आभार प्रकट किया गया। पुलिसकर्मियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए बहनों को रक्षा का वचन दिया और हर परिस्थिति में उनकी सुरक्षा का भरोसा दिलाया।

समारोह की समाप्ति पर सभी ने मिलकर भाईचारे और सौहार्द्र के वातावरण में रक्षाबंधन का उत्सव मनाया, जिससे पुलिसकर्मियों को एक परिवार जैसा अनुभव मिला और समाज को सेवा व संवेदना का सुंदर संदेश गया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts