फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप I में फ्रांस ने अपने कप्तान किलियन एम्बाप्पे के रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन से सेनेगल को 3-1 से रौंद दिया.ईस्ट रदरफोर्ड, न्यू जर्सी के न्यू यॉर्क न्यू जर्सी स्टेडियम में एम्बाब्पे ने अपने दो गोलों से तहलका मचा दिया. उनके अलावा ब्रेडली बार्कोला ने एक गोल किया. सेनेगल के लिए इकलौता गोल इब्राहिम एम्बाये ने दागा. एम्बाप्पे ने अपने दो गोलों से फ्रांस के लिए सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड बना लिया. इसके अलावा वह वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले तीसरे खिलाड़ी भी बन गए. उन्होंने ब्राजील के महान फुटबॉल पेले और अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी को पीछे छोड़ दिया.
किलियन एम्बाप्पे ने 66वें मिनट में गोल कर इतिहास रच दिया. वह फ्रांस के फुटबॉल इतिहास में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल गोल करने के मामले में पहले स्थान पर पहुंच गए. उन्होंने दिग्गज ओलिवियर जिरूड की बराबरी कर ली. इसके बाद 90+6वें मिनट में दूसरा गोलकर जिरूड के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया. जिरूड ने 137 मैचों में 57 गोल किए थे. एम्बाब्पे ने सिर्फ 99वें मैचों में ही उन्हें पीछे छोड़ दिया. उनके खाते में अब फ्रांस के लिए 58 गोल हो गए हैं.
अब पेले-मेसी से आगे एम्बाप्पे
27 साल के एम्बाप्पे के वर्ल्ड कप इतिहास में अब 14 गोल हो गए हैं. वह फीफा वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल करने के मामले में अब तीसरे स्थान पर हैं. उन्होंने लियोनल मेसी, फ्रांस जस्ट फोंटेन और पेले को पीछे छोड़ दिया. मेसी ने 26 मैचों में 13 गोल किए हैं. फोंटेन के नाम 6 मैचों में 13 गोल हैं. पेले ने 14 मैचों में 12 गोल किए थे. एम्बाप्पे के 15 मैचों में 14 गोल हो गए हैं. एम्बाप्पे से आगे अब इस लिस्ट में ब्राजील के रोनाल्डो नजारियो और जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोज हैं. रोनाल्डो ने 19 मैचों में 15 और क्लोज ने 24 मैच में सबसे ज्यादा 16 गोल किए थे.
24 साल बाद भिड़े फ्रांस-सेनेगल
24 साल बाद कॉम्पिटिटिव फुटबॉल में इन दोनों देशों के बीच यह पहला मुकाबला था. इससे पहले फ्रांस और सेनेगल 2002 वर्ल्ड कप के ओपनिंग मैच में भिड़े थे. तब सेनेगल ने बड़ा उलटफेर करते हुए तत्कालीन डिफेंडिंग चैंपियन फ्रांस को 1-0 से हरा दिया था. इस बार फ्रांस ने उलटफेर नहीं होने दिया और आसानी से 3 अंक हासिल कर लिए.















