बांदा। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए परिवहन विभाग ने एक नई पहल की है। एआरटीओ प्रशासन के नेतृत्व में जनपद में किन्नर समाज के सहयोग से जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत बाबूलाल चौराहा और कालूकुआं चौराहा पर वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
किन्नर समाज के लोगों ने वाहन चालकों से अपील की कि वे हेलमेट पहनें, तीन सवारी न बैठाएं, शराब पीकर वाहन न चलाएं, नाबालिग बच्चों से वाहन न चलवाएं और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग करें। इस दौरान दो बस चालकों की ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच भी की गई, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे नशे में वाहन का संचालन न कर रहे हों।
होली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए वाहन चालकों को ओवरलोडिंग न करने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी गई। इस अभियान में पीटीओ, यातायात पुलिस कर्मी, जिला सड़क दुर्घटना समिति के सदस्य और किन्नर समाज के कई सदस्य मौजूद रहे।
एआरटीओ ने बताया कि किन्नर समाज जिस तरह लोगों को बधाई देने का कार्य करता है, उसी तरह वे अपने संपर्क में आने वाले लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रति जागरूक करें। इस प्रयास से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकेगी और सरकार की सड़क सुरक्षा योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू किया जा सकेगा।















