गुरु रविदास की कलश वंदन यात्रा का भव्य स्वागत, कपिल देव ने लिया समरसता का संकल्प

मुजफ्फरनगर। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में चल रहे समरसता संकल्प अभियान के तहत कलश वंदन यात्रा का मुजफ्फरनगर सदर विधानसभा क्षेत्र में भव्य स्वागत किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बीबीपुर, भंडूरा, शेरनगर, बिलासपुर और गांधीनगर कूकड़ा में यात्रा में श्रद्धापूर्वक सहभागिता की। वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित गुरु रविदास जी के जन्मस्थल से शुरू हुई यात्रा के मुजफ्फरनगर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, भजन-कीर्तन और जयघोष के साथ स्वागत किया। मंत्री ने विभिन्न गांवों में डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर ग्रामीणों से संवाद किया तथा संत गुरु रविदास जी के मंदिरों में दर्शन-पूजन कर पवित्र कलश स्थापित किए। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों के साथ सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया। कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि कलश वंदन यात्रा केवल धार्मिक आस्था का कार्यक्रम नहीं, बल्कि संत गुरु रविदास जी के समानता, मानवता,

प्रेम और सामाजिक न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को जाति-पांति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर एकता तथा भाईचारे का मार्ग दिखाया। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अजय सागर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, संत समाज के प्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। आगामी चरण में यात्रा खादरवाला, कृष्णापुरी, दक्षिण कृष्णापुरी और प्रेमपुरी पहुंचेगी। मंत्री ने नागरिकों से गुरु रविदास जी के आदर्शों को अपनाकर सामाजिक सद्भाव और समरसता को मजबूत करने का आह्वान किया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts