मुजफ्फरनगर में कांवड़ शिविर का हुआ विधिवत शुभारंभ

मुजफ्फरनगर में सावन माह के अवसर पर शुरू हुई कांवड़ यात्रा 2025 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में थानाक्षेत्र नई मंडी (बझेड़ी रोड) में स्थापित कांवड़ शिविर का विधिवत पूजन कर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मंडलायुक्त सहारनपुर अटल कुमार राय, जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन कर शिविर का उद्घाटन किया। समारोह के दौरान फीता काटकर शिविर का शुभारंभ किया गया और उपस्थित अधिकारियों द्वारा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।शिविर में शिवभक्तों के विश्राम, स्नान, जलपान और भोजन की उत्तम व्यवस्थाएं की गई हैं। अधिकारीगण ने शिविर की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया और संचालन में लगे प्रभारी निरीक्षक नई मंडी दिनेश चंद्र को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही जलपान एवं विश्राम की व्यवस्थाएं निरंतर सुचारु रूप से संचालित रहें।पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। कांवड़ मार्गों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित समस्त अधिकारीगण दिन और रात जनपद में भ्रमणशील रहते हुए सुरक्षा और कानून व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। इसके साथ ही मुजफ्फरनगर पुलिस शिवभक्तों की सेवा में भी पूरी निष्ठा से जुटी है। जलपान, प्राथमिक चिकित्सा और मार्गदर्शन जैसी सुविधाएं निरंतर उपलब्ध कराई जा रही हैं।कांवड़ शिविर के शुभारंभ के दौरान श्रद्धालुओं ने पुलिस और प्रशासन द्वारा किए गए सेवाभाव और बेहतर प्रबंधनों की खुलकर सराहना की। विशेषकर यातायात नियंत्रण, सुरक्षा इंतजाम और पुलिस की सक्रिय भागीदारी को लेकर शिवभक्तों ने संतोष जताया और मुजफ्फरनगर पुलिस को धन्यवाद ज्ञापित किया। श्रद्धालुओं ने कहा कि सेवा और समर्पण की भावना के साथ कार्य कर रही पुलिस व्यवस्था काबिल-ए-तारीफ है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts