बांदा। रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के सभागार में काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव का समापन समारोह भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता चित्रकूटधाम मण्डल बांदा के आयुक्त अजीत कुमार ने की, वहीं डीआईजी राजेश एस, जिलाधिकारी जे. रीभा एवं अन्य जनप्रतिनिधि व वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान 09 अगस्त 1925 को घटित ऐतिहासिक काकोरी ट्रेन एक्शन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ से संबोधित शताब्दी समारोह का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया।
इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं सेना में उत्कृष्ट योगदान देने वाले परिजनों को माल्यार्पण और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। आयुक्त अजीत कुमार ने अपने संबोधन में राष्ट्रभक्ति को लोकतंत्र की मजबूती का आधार बताते हुए कहा कि क्रांतिकारियों के बलिदान को आत्मसात कर हमें राष्ट्र सेवा में जुटना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे समय का सदुपयोग करें, आत्मीयता से कार्य करें और अपने विचारों को दूसरों से साझा कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।
डीआईजी राजेश एस ने काकोरी कांड की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अंग्रेज सरकार क्रांतिकारियों के भय से उन्हें विभिन्न जेलों में भेजने को विवश हो गई थी। उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई और रानी दुर्गावती जैसे बुंदेलखंड के वीर योद्धाओं की वीरता का भी उल्लेख किया और लोगों से स्वच्छता, जल संरक्षण, यातायात नियमों के पालन और वृक्षारोपण जैसे अभियानों में भागीदारी का आह्वान किया।
पद्मश्री उमाशंकर पांडेय ने क्रांतिकारियों के योगदान को याद करते हुए मंगल पांडेय, चंद्रशेखर आजाद और अशफाक उल्ला खां जैसे महान सेनानियों के आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान लक्ष्मी शंकर सिंह, विनोदा देवी, अनुराधा, सुदामा, रन्नो देवी, केशव सिंह आदि को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
मेडिकल कॉलेज परिसर में राष्ट्रीय अभिलेखागार द्वारा प्राप्त चित्रों व साहित्य पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें काकोरी ट्रेन एक्शन और अन्य स्वतंत्रता संग्राम की घटनाओं का सचित्र वर्णन किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा सरकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई गई।
आर्यकन्या इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, जीआईसी आदि विद्यालयों के छात्रों ने देशभक्ति से संबंधित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सूचना विभाग के जादूगर ने अपने कार्यक्रमों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी जे. रीभा, पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल, नगरपालिका अध्यक्ष मालती बासु गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत, एमएलसी प्रतिनिधि आलोक तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडेय सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।















