महाराष्ट्र में होने जा रहे निकाय चुनाव में गठबंधन की खिचड़ी पक रही है। इसी वजह से राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के प्रमुख राज ठाकरे ने 20 साल बाद एक साथ आने का फैसला किया है।संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले आज दोनों उद्धव और राज ठाकरे संयुक्त रैलियों की शुरूआत करने जा रहे हैं। उद्धव और राज ठाकरे ने चुनाव में गठबंधन का ऐलान किया है। हालांकि, सीट बंटवारे की घोषणा अभी तक नहीं की गई है।
मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन चुनाव 2026 के लिए राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई हैं। 227 वार्डों के लिए कुल 2516 उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव लड़ने के लिए नगर निगम ने कुल 11,391 आवेदन पत्र वितरित किए थे। इससे साफ है कि इस बार मुकाबला कड़ा रहने वाला है। प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले दोनों ने अपनी पत्नियों और बेटों के साथ शिवाजी पार्क में बालासाहेब ठाकरे के स्मारक पर श्रद्धांजलि दी।
BMC चुनाव तय करेगा मुंबई का ‘असली बॉस’
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) का सालाना बजट 74,000 करोड़ रुपये से ज्यादा है, जो कई छोटे राज्यों से बड़ा है। इसे ‘मिनी विधानसभा’ भी कहा जाता है। यह चुनाव न सिर्फ सत्ता की लड़ाई है, बल्कि मुंबई के ‘असली बॉस’ तय करने का रण भी है।
15 जनवरी को BMC चुनाव
बीएमसी चुनाव 2026 का कार्यक्रम पहले से घोषित है। 23 से 30 दिसंबर तक नामांकन किया गया, वहीं, 2 जनवरी 2026 को नाम वापसी और 3 जनवरी को अंतिम सूची जारी होगी। मतदान 15 जनवरी 2026 को होगा और मतगणना 16 जनवरी 2026 को होगी। मतदान सुबह 7:30 बजे से शाम लेकर 5:30 बजे तक होगा। इसके साथ ही जो उम्मीदवार शाम 5:30 बजे के बाद भी लाइन में खड़े होंगे, उन्हें एक पर्ची दी जाएगी और वे तय समय-सीमा के भीतर मतदान कर सकेंगे। इसके बाद मतों की गिनती अगले दिन यानी 16 जनवरी से शुरू हो जाएगी।















