मालाखेड़ा खंड की ग्राम पंचायत दादर में जल जीवन मिशन योजना के तहत बनाई गई उच्च जलाशय (ओवरहेड टैंक) का परीक्षण शुक्रवार को किया गया, लेकिन परीक्षण की शुरुआत होते ही टंकी में से बारिश की तरह पानी टपकने लगा। तेज रिसाव देखकर आसपास मौजूद ग्रामीणों में भय का माहौल पैदा हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी अधिक मात्रा में पानी का रिसाव होना निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है और उन्हें डर है कि कहीं टंकी भरते समय किसी तरह की दुर्घटना न हो जाए।
केंद्र सरकार की जल जीवन मिशन योजना के तहत दादर पंचायत में प्रत्येक घर तक नल कनेक्शन पहुंचाने और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी पर्याप्त जल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यहां पंप हाउस और उच्च जलाशय का निर्माण कराया गया है। लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीण इस परियोजना से राहत की उम्मीद लगाए बैठे थे। हालांकि, अभी तक पानी की सप्लाई शुरू नहीं हो सकी है।
पूर्व प्रधान मंदोदरी देवी ने बताया कि दादर पंचायत मुख्यालय में कई नए ट्यूबवेल लगाए गए और घर-घर पानी पहुंचाने के लिए पाइपलाइन डाली गई, लेकिन सप्लाई व्यवस्था अभी शुरू नहीं हुई है। इसके विपरीत, परीक्षण के दौरान टंकी से भारी मात्रा में पानी का रिसाव होना गंभीर लापरवाही का संकेत है। उन्होंने उच्च जलाशय की गुणवत्ता की जांच और तत्काल मरम्मत की मांग की है, ताकि किसी भी संभावित हादसे को टाला जा सके और ग्रामीणों तक जल्द से जल्द सुरक्षित तरीके से पानी पहुंचाया जा सके।















