मुजफ्फरनगर में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमलकिशोर देशभूषण के निर्देशन में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय शाहपुर में रानी लक्ष्मीबाई जयंती पर एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का संचालन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार और पीसीपीएनडीटी जिला सलाहकार समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार की देखरेख में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत “बुंदेले हरबोलों की हमसे सुनी कहानी थी, खूब लड़ी मर्दानी वो तो झाँसी वाली रानी थी” जैसे ओजपूर्ण नारे के साथ हुई और रानी लक्ष्मीबाई को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस अवसर पर डॉ. राजीव कुमार ने छात्राओं को रानी लक्ष्मीबाई के जीवन, उनके अदम्य साहस, संघर्ष और बलिदान की गाथा के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि झांसी की रानी का पराक्रम हर भारतीय नारी के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत रहेगा।
जयंती के उपलक्ष्य में रानी लक्ष्मीबाई से संबंधित क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विजेता प्रतिभागियों को डॉ. राजीव कुमार ने उपहार भेंट कर सम्मानित किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में बालिका रिया द्वारा समाज को प्रेरित करने वाला मनमोहक गीत प्रस्तुत किया गया, जिसने सभी को प्रभावित किया।
इस आयोजन में वार्डन गीता, समस्त महिला शिक्षिकाएँ और छात्राएँ सुमैय्या, जिया, रिया तथा तुलसी की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम ने छात्राओं में राष्ट्रभक्ति, साहस और आत्मविश्वास की नई भावना जागृत की और रानी लक्ष्मीबाई के आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया।















