लंदन में भारतीय युवक की चाकू मारकर हत्या, पुलिस ने 7 लोगों को पकड़ा.

लंदन में 26 साल के भारतीय मूल के युवक गुरभेज सिंह की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. घटना पश्चिमी लंदन के साउथॉल इलाके में नॉर्थ रोड और डॉर्मर्स वेल्स लेन के पास हुई. पुलिस के मुताबिक, गुरभेज सिंह पर बुधवार तड़के करीब 12:30 बजे एक दुकान के बाहर हमला किया गया था. हमले में उन्हें चाकू से गंभीर चोटें आईं. सूचना मिलने पर पुलिस और एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची.डॉक्टरों और पैरामेडिक्स ने उनकी जान बचाने की कोशिश की, लेकिन उनकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई. इस घटना में एक और व्यक्ति भी घायल हुआ था, जिसकी उम्र लगभग 30 साल बताई जा रही है. उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था. बाद में उसकी हालत में सुधार होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. मामले में 7 लोगों को हिरासत में लिया गया, लेकिन 6 को बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया गया.

लोगों से गवाही देने की अपील

मेट्रोपॉलिटन पुलिस की स्पेशलिस्ट क्राइम कमांड की अधिकारी एलिसन फॉक्सवेल ने कहा कि गुरभेज सिंह की मौत बेहद दुखद है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है. उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर किसी ने घटना देखी है या उसके पास आसपास के इलाके की CCTV रिकॉर्डिंग है, तो वह पुलिस से संपर्क करे.पुलिस ने घटना के बाद मौके से सात लोगों को हत्या के शक में गिरफ्तार किया था. इन लोगों की उम्र 20 से 30 साल के बीच बताई गई है. आगे की जांच के बाद छह लोगों को बिना किसी कार्रवाई के रिहा कर दिया गया. एक व्यक्ति को जमानत पर छोड़ा गया है और जांच पूरी होने तक उससे आगे भी पूछताछ की जाएगी.

पीड़ित परिवार के संपर्क में पुलिस

पुलिस ने बताया कि अधिकारी पीड़ित परिवार के संपर्क में हैं. जांच टीम इलाके के सबूतों, CCTV फुटेज और गवाहों के बयानों की मदद से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमला क्यों हुआ और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है. फिलहाल पुलिस ने हत्या के कारण या किसी खास मकसद के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है. मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस अधिक जानकारी जुटाने में लगी हुई है.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts