अलवर के सामान्य चिकित्सालय में मौसमी बीमारियों के चलते ओपीडी में मरीजों की संख्या 1000 के पार पहुँच चुकी है, लेकिन अस्पताल प्रशासन की व्यवस्था में खामी नजर आ रही है। 10 नंबर कक्ष में जहां पांच चिकित्सकों की आवश्यकता थी, वहां केवल एक चिकित्सक, डॉ. भवानी शंकर, मरीजों को देख रहे थे। उनका कहना था कि अन्य चिकित्सक राउंड पर हैं, लेकिन डेढ़ घंटे बाद भी अन्य चिकित्सक नहीं पहुंचे और न ही कोई रेजिडेंट डॉक्टर नजर आया। इस पर डिप्टी कंट्रोलर डॉ. कुश कुंदनानी का कहना था कि गर्मी बढ़ने के साथ मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है, लेकिन चिकित्सकों की कमी के कारण राउंड का आकार बढ़ने से चिकित्सकों को आने में देरी हो रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही व्यवस्था सुधार ली जाएगी।















