मुजफ्फरनगर: जिले के बुढाना ब्लॉक में नव निर्मित बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय का सोमवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम जिला अधिकारी उमेश मिश्रा और मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण के निर्देशन तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी सुशील कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। शुभारंभ के अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी सुमन तोमर, डॉ. राजीव कुमार, सुपरवाइजर ईशा त्यागी, शिवानी, दीपा सैनी और ब्लॉक कोऑर्डिनेटर अमित सैनी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने नव निर्मित कार्यालय के संचालन को बाल विकास एवं पोषण से जुड़े कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. राजीव कुमार ने बाल विकास परियोजना अधिकारी बुढाना को सम्मानित किया और समस्त स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि यह कार्यालय क्षेत्र में आंगनवाड़ी सेवाओं को मजबूत करने और बच्चों व माताओं तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए बच्चों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर आठवें पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत एक कार्यशाला और जनजागरूकता कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। 9 से 23 अप्रैल 2026 तक चल रहे इस अभियान की मुख्य थीम “जीवन के पहले 6 वर्षों में मस्तिष्क का अधिकतम विकास” रखी गई है। कार्यक्रम में बताया गया कि बच्चे के जीवन के शुरुआती छह वर्ष उसके शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। इसलिए इस अवधि में उचित पोषण, खेल-आधारित शिक्षा और सही देखभाल सुनिश्चित करना आवश्यक है।
कार्यशाला में मातृ एवं शिशु पोषण, गर्भावस्था के दौरान संतुलित आहार, जन्म के बाद स्तनपान के महत्व और तीन से छह वर्ष तक के बच्चों के लिए खेल आधारित शिक्षा पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही अभिभावकों को बच्चों का स्क्रीन टाइम कम करने और घर पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए जागरूक करने की बात कही गई। कार्यक्रम में सामुदायिक सहयोग और आंगनवाड़ी केंद्रों को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई।














