बांदा। जिला कांग्रेस की बैठक नवनियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीक्षित की अध्यक्षता में इंदिरा गांधी सभागार में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी की उपस्थिति विशेष रही। बैठक का संचालन डा. संजय द्विवेदी ने किया, जिन्होंने पार्टी के आगामी एक्शन प्लान को प्रस्तुत किया। जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को पुनर्गठित करने का आह्वान किया, साथ ही यह भी कहा कि हमें न्याय पंचायत कमेटियों, ब्लॉक समितियों और फ्रंटल संगठनों का पुनर्गठन करने की आवश्यकता है।
मुख्य अतिथि नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि पार्टी को पंचायत चुनाव की तैयारियों के लिए सक्रियता बढ़ानी होगी। उन्होंने मौजूदा सरकार की नीतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्राइवेटाइजेशन से अनुसूचित जाति और पिछड़ी जाति के आरक्षण को खतरा हो सकता है। उन्होंने राहुल गांधी की दिशा में चल रही लड़ाई को समर्थन देने का आह्वान किया। पूर्व विधायक शिरोमणि भाई ने भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया, वहीं पूर्व जिलाध्यक्ष प्रद्युम्न कुमार लालू दुबे ने कांग्रेस पार्टी के समावेशी दृष्टिकोण पर बल दिया। बैठक में शहर अध्यक्ष अफसाना शाह, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा खान,संकटा प्रसाद त्रिपाठी सहित कई प्रमुख नेताओं ने विचार व्यक्त किए।















