यमन के पश्चिमी तट के पास भारतीय जहाज पर हमला किया गया है. हमले के बाद भारतीय जहाज डूब गया. यमन के कोस्टगार्ड द्वारा जहाज पर तैनात पर 13 भारतीय समेत 14 लोगों को बचा लिया गया है. बताया जा रहा है कि हूती के ड्रोन हमले के बाद भारतीय जहाज लाल सागर में डूब गया. भारत ने इस हमले की कड़ी निंदा की है.दरअसल, मंगलवार को यमन के हूती विद्रोहियों ने लाल सागर में एक भारतीय जहाज पर हमला किया. भारतीय झंडे वाले इस जहाज, फ़ैज नूर औलिया, पर हुए हमले के कारण वह डूब गया. हालांकि, यमन की सरकारी सेना ने बताया कि उन्होंने जहाज पर मौजूद सभी क्रू सदस्यों को बचा लिया है. इनमें 13 भारतीय और एक यमनी नागरिक शामिल थे. इस जहाज पर विस्फोटक से लदी एक नाव (ड्रोन बोट) के जरिए हमला किया गया था.
भारत ने हमले की कड़ी निंदा की
इसी बीच, भारत सरकार के विदेश मंत्रालय (MEA) ने लाल सागर में यमन के तट के पास भारतीय झंडे वाले कमर्शियल जहाज MSV फैज नूर ओलिय्या पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है. मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि हमले के बाद जहाज डूब गया, लेकिन उस पर सवार सभी 13 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बचा लिया गया.विदेश मंत्रालय के अनुसार, रियाद में भारतीय दूतावास लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है और क्रू की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यमनी अधिकारियों के साथ बातचीत कर रहा है. भारत ने बचाव कार्य और सहयोग के लिए यमनी अधिकारियों का आभार भी व्यक्त किया.
कमर्शियल जहाजों पर हमले तुरंत बंद होने चाहिए: भारत
विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस इलाके में कमर्शियल जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं. भारत ने साफ कहा कि कमर्शियल जहाजों को निशाना बनाना तुरंत बंद होना चाहिए और अंतरराष्ट्रीय समुद्री रास्तों पर आजाद और बिना रुकावट के आवाजाही और व्यापार को अंतरराष्ट्रीय कानून के मुताबिक जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए. विदेश मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने और ग्लोबल ट्रेड रूट्स की सुरक्षा बनाए रखने की जरूरत पर भी जोर दिया.
18 जुलाई को भी एक जहाज पर हुआ था हमला
इससे पहले जहाज एमवी ओमोर्फी पर 18 जुलाई को ब्लैक सी से गुजरते समय हमला हुआ था. मंत्रालय ने पिछले हफ्ते जारी एक बयान में कहा था कि यह हमला कथित तौर पर रूसी क्षेत्रीय जलक्षेत्र में हुआ. हमले के समय जहाज पर 10 क्रू मेंबर सवार थे. इनमें 3 भारतीय नागरिक थे. हमले में भारतीय क्रू मेंबर और चीफ ऑफिसर सागर गुप्ता की मौत हो गई. जहाज पर मौजूद दो अन्य भारतीय क्रू मेंबर सुरक्षित बचा लिए गए थे.























































