पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। यह हादसा गिद्दड़बाहा-मलोट मार्ग पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कार का टायर अचानक फट गया। टायर फटने के बाद कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे एक ऑटो रिक्शा से जोरदार टक्कर गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार और ऑटो दोनों सड़क किनारे पलट गए। हादसे में 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गिद्दड़बाहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, ताकि यातायात सामान्य किया जा सके। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कार का आगे का टायर अचानक फटने से वाहन का संतुलन बिगड़ गया था। हादसे के कारण कुछ समय तक मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने और इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।















