मुजफ्फरनगर जनपद में आगामी होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2026 का आयोजन 25, 26 और 27 अप्रैल को किया जाएगा। यह परीक्षा दो पालियों में सम्पन्न होगी, जिसके सफल संचालन को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है। परीक्षा को नकल विहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
गोष्ठी में अपर जिलाधिकारी (वित्त) गजेन्द्र सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, पुलिस ऑब्जर्वर कृष्णगोपाल सहित सेक्टर मजिस्ट्रेट, डीआईओएस, बीएसए, सभी परीक्षा केंद्र प्रभारी, व्यवस्थापक और अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान परीक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारियां स्पष्ट की गईं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही, सभी केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की पूर्व जांच कर उन्हें पूरी तरह कार्यशील रखा जाए, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पर नजर रखी जा सके।
नकल और फर्जीवाड़े पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि यदि कहीं भी नकल या किसी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना मिलती है तो तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए। इसके अलावा, प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई असुविधा न हो। प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इन्हें स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखने और वहां सुरक्षा के उच्चतम मानकों का पालन करने के लिए कहा गया है। साथ ही, सभी सुरक्षा उपकरणों को पूरी तरह कार्यशील बनाए रखने पर जोर दिया गया है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और सुरक्षित बनी रहे।














