मुजफ्फरनगर। शहर को गारबेज फ्री सिटी बनाने के उद्देश्य से नगरपालिका परिषद ने होम कम्पोस्टिंग अभियान की शुरुआत कर दी है। नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत कंपनी बाग में आयोजित कार्यक्रम में नागरिकों को होम कम्पोस्टर कंटेनर वितरित कर इस विशेष योजना का शुभारंभ किया। इस पहल के तहत शहर के सभी 55 वार्डों में घर-घर रसोई से निकलने वाले गीले कचरे के निस्तारण को बढ़ावा दिया जाएगा। प्रारंभिक चरण में पांच हजार विशेष प्लास्टिक कंटेनर खरीदे गए हैं और प्रत्येक वार्ड में 100-100 कंटेनर सभासदों के माध्यम से वितरित किए जा रहे हैं। इसके बाद 10 हजार अतिरिक्त कंटेनर खरीदने की प्रक्रिया भी जारी है। पालिका प्रशासन इन कंटेनरों को निःशुल्क उपलब्ध कराएगा तथा आईटीसी सुनहरा कल और एसबीएम टीम घर-घर जाकर इनके उपयोग का प्रशिक्षण भी देगी।
कार्यक्रम के दौरान आईटीसी सुनहरा कल की टीम ने नागरिकों को बताया कि इस कंटेनर में फल-सब्जियों के छिलके, चाय की पत्ती, खराब अनाज, सड़ी-गली सब्जियां और अन्य जैविक कचरा डाला जा सकता है। कंटेनर के निचले हिस्से में लगी टोंटी से सप्ताह में दो से तीन बार निकलने वाले तरल को बोतल में भरकर पुनः उसी पात्र में डालना होगा, जिससे कचरे के शीघ्र अपघटन में मदद मिलेगी। लगभग 30 से 45 दिनों में गीला कचरा जैविक खाद में बदल जाएगा और तरल खाद भी तैयार होगी। इस खाद का उपयोग घरों के पौधों और बगीचों में किया जा सकेगा। अतिरिक्त खाद को बेचकर नागरिक आय भी अर्जित कर सकते हैं।
अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने बताया कि कुछ वार्डों में प्रयोग के तौर पर शुरू की गई इस योजना को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने के बाद अब पूरे शहर में लागू किया जा रहा है। उनका मानना है कि यदि हर घर अपने गीले कचरे का निस्तारण स्वयं करने लगे तो शहर की सफाई व्यवस्था में बड़ा बदलाव संभव है और कूड़ा निस्तारण की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी। इससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और जैविक खेती व बागवानी को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
कार्यक्रम में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता में स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले सभासदों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कूड़ा डलावघर से मुक्त वार्ड 49 के सभासद मनोज वर्मा की विशेष सराहना की गई। साथ ही होम कम्पोस्टिंग अपनाने वाले नागरिकों मिथलेश सिंह, दीपाली वत्स, अलंकार त्यागी और अनिता वर्मा को स्वच्छता योद्धा के रूप में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अनेक सभासद, पालिका अधिकारी और स्वच्छता से जुड़े कर्मी उपस्थित रहे।















