मदरसा जामिया अशरफुल उलूम में चला हरियाली अभियान, “एक पेड़ मां के नाम” के तहत हुआ वृक्षारोपण

मुजफ्फरनगर। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से  बुढ़ाना क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर दभेड़ी स्थित मदरसा जामिया अशरफुल उलूम में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला पंचायत सदस्य हाजी सलीम एवं वन विभाग की संयुक्त टीम के सहयोग से किया गया। इस दौरान मदरसे के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान मदरसे का परिसर पौधों से हराभरा दिखाई दिया। छात्र-छात्राओं ने अपने हाथों से पौधे लगाकर उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। बच्चों ने “पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ” का संदेश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। उपस्थित लोगों ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है और इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना होगा।

वक्ताओं ने कहा कि लगातार हो रही पेड़ों की कटाई के कारण पर्यावरण संतुलन प्रभावित हो रहा है। समय पर वर्षा न होना, भू-जल स्तर का गिरना, बढ़ता प्रदूषण और विभिन्न प्रकार की बीमारियां पर्यावरण असंतुलन के प्रमुख संकेत हैं। उन्होंने कहा कि यदि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देना है तो वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाना होगा। पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है, तभी उनका वास्तविक लाभ समाज को मिल सकेगा।

कार्यक्रम में मौजूद वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पेड़ केवल ऑक्सीजन का स्रोत ही नहीं हैं, बल्कि जल संरक्षण, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, जैव विविधता को सुरक्षित रखने तथा पशु-पक्षियों को आश्रय प्रदान करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लोगों से अपने घर, खेत, विद्यालय और सार्वजनिक स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए संकल्प लिया कि वे कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएंगे और उसकी देखभाल भी करेंगे। इस अवसर पर वन दरोगा हरीश कुमार, वन दरोगा रवि कुमार, वन रक्षक योगेन्द्र मलिक, अवनीश कुमार, साक्षी कुमारी, नरेंद्र कुमार, मुरसलीन, जिला पंचायत सदस्य हाजी सलीम, मास्टर याकूब, जाबिर राणा, मौलाना अरशद राणा, मुफ्ती अशरफ, मौलाना जीशान सहित मदरसे के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts