राजगढ़ (अलवर)। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ की संघर्ष चेतना यात्रा के राजगढ़ पहुंचने पर कस्बे के नवीन बस स्टैंड पर कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने जोरदार स्वागत किया। यात्रा दल का स्वागत आतिशबाजी और फूल मालाओं से किया गया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में जोश और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष महावीर शर्मा ने बताया कि यह संघर्ष चेतना यात्रा राज्यभर में कर्मचारियों की 11 सूत्री मांगों और कुछ ज्वलंत मुद्दों को लेकर निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों, सेवा शर्तों, पुरानी पेंशन बहाली, वेतन विसंगतियों के निवारण और संविदा कर्मियों के नियमितीकरण जैसे मुद्दों को लेकर यह आंदोलन किया जा रहा है।
शर्मा ने बताया कि जयपुर से दो संघर्ष चेतना दल रवाना किए गए हैं, जो राजस्थान के 41 जिलों के 300 से अधिक तहसील मुख्यालयों का दौरा करेंगे। इन यात्राओं के माध्यम से महासंघ राज्यभर के कर्मचारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुनेगा।
उन्होंने कहा कि यह चेतना यात्रा कर्मचारियों में एकजुटता का संदेश देने के साथ-साथ सरकार को उनके मुद्दों पर गंभीरता से ध्यान दिलाने का भी प्रयास है। राजगढ़ में यात्रा के आगमन के दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारी, शिक्षक, पुलिसकर्मी, स्वास्थ्यकर्मी और विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।















