मुज़फ्फरनगर। जिला पंचायत सभागार कक्ष में उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को लैपटॉप प्रदान किए गए और कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को धनराशि वितरित की गई। शासन का उद्देश्य इन योजनाओं के माध्यम से बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहित करना और डिजिटल युग में सशक्त बनाना है।
कार्यक्रम में लाभान्वित छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों ने शासन-प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार की इन योजनाओं से न केवल बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साधनों से जोड़ा जा रहा है, बल्कि समाज में एक सकारात्मक वातावरण का निर्माण भी हो रहा है। कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत दी जाने वाली आर्थिक सहायता को बालिकाओं की शिक्षा और उनके भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
इसके साथ ही मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया। मंच से उपस्थित अधिकारियों ने महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न सेवाओं और हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इसमें ट्वीटर सेवा, डायल-112, हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, वन स्टॉप सेंटर-181, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन-102 और एंबुलेंस सेवा-108 जैसी सुविधाओं को विस्तार से बताया गया।
साथ ही, जनसुनवाई पोर्टल और स्थानीय थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों की जानकारी देकर उपस्थित लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी साझा की। इनमें निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान भारत योजना और महिला शक्ति केंद्र योजना जैसी योजनाएँ शामिल रहीं। इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें सामाजिक-आर्थिक रूप से सशक्त करना है।अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति 5.0 सिर्फ महिलाओं की सुरक्षा का ही अभियान नहीं है, बल्कि यह उन्हें समाज में समान अधिकार और सम्मान दिलाने का प्रयास भी है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे इन योजनाओं और सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएँ और अपने आसपास की महिलाओं और बच्चियों को भी इनके बारे में जागरूक करें।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की उपस्थिति रही। माहौल उत्साहपूर्ण रहा और बच्चों को लैपटॉप मिलने की खुशी उनके चेहरों पर साफ झलक रही थी। प्रशासन ने आशा व्यक्त की कि ऐसी योजनाओं और अभियानों से जिले के बच्चों और महिलाओं का भविष्य और भी उज्ज्वल बनेगा।
















