मुजफ्फरनगर में फाल्गुन मास की एकादशी के अवसर पर आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। नई मंडी क्षेत्र की भरतिया कॉलोनी स्थित गणपति धाम खाटू श्याम मंदिर समिति द्वारा आयोजित पांच दिवसीय खाटू श्याम फाल्गुन महोत्सव के अंतर्गत शुक्रवार को शिव चौक से भव्य निशान पदयात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, भाजपा नेता गौरव स्वरूप, मंदिर समिति अध्यक्ष अशोक गर्ग, उद्यमी भीमसेन कंसल और वरिष्ठ पत्रकार अंकुर दुआ ने संयुक्त रूप से पदयात्रा को रवाना किया। इस दौरान शिव चौक परिसर में बाबा श्याम की आरती और भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय हो उठा। हजारों श्रद्धालु लाल और पीले निशान हाथों में लेकर जय श्री श्याम के जयकारों के साथ यात्रा में शामिल हुए। भजनों की धुन पर झूमते-गाते श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। पदयात्रा शिव चौक, झांसी रानी चौक, टाउन हॉल रोड, भोपा पुल और पीठ बाजार सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई मंदिर परिसर पहुंची। पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पुष्पवर्षा और जलपान की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकी। मंदिर पहुंचने पर भक्तों ने विधि-विधान से निशान अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि 24 फरवरी से आरंभ हुए इस महोत्सव में फूलों की होली, चंग धमाल, संकीर्तन और भंडारे जैसे विविध धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 28 फरवरी को भव्य भंडारे के साथ महोत्सव का समापन होगा। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि बाबा खाटू श्याम की निशान यात्रा में भाग लेने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इस अवसर पर अनिल गोयल, जेपी गोयल, अम्बरीष सिंघल, रजत गोयल, अनिल ऐरन, विकल्प जैन, गोल्डी सिंधी, रजत राठी, यश गर्ग, विकास अग्रवाल, प्रतीक सहित हजारों भक्त मौजूद रहे और पूरे शहर को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।















