मुजफ्फरनगर में उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित नौ दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। कार्यक्रम का प्रथम दिन लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेस वार्ता के साथ शुरू हुआ, जिसका सीधा प्रसारण राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मुजफ्फरनगर में देखा गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, एमएलसी वंदना वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, लोकदल जिलाध्यक्ष संजय राठी, मंडल अध्यक्ष प्रभात तोमर, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया, जिसके बाद सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीते नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने विकास की नई दिशा पकड़ी है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है, इन्फ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विस्तार हुआ है और कानून व्यवस्था में सुधार देखने को मिला है। वक्ताओं ने पुराने समय की तुलना करते हुए कहा कि जहां पहले प्रदेश में अराजकता, दंगे और बेरोजगारी जैसी समस्याएं थीं, वहीं अब विकास, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान ‘एक जनपद एक उत्पाद’ योजना के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को टूल किट वितरित की गई, वहीं उत्तर प्रदेश बाल सेवा योजना के तहत तीन बालक-बालिकाओं को लैपटॉप प्रदान कर सम्मानित किया गया। आईटीआई परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी में जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, जिसका निरीक्षण उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया। इसके साथ ही अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व और जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा ऑनलाइन-ऑफलाइन शिक्षा विषय पर एक सेमिनार भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।















